पानीपत। शिक्षा विभाग हरियाणा द्वारा शनिवार को जिला स्तरीय स्कूल प्रबंधन कमेटी (एसएमसी) का प्रशिक्षण एवं सम्मेलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आर्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय के सभागार में सुबह 10 बजे से शुरू होने वाले कार्यक्रम में हरियाणा सरकार में शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगी। विकास एवं पंचायत मंत्री महिपाल ढांडा कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद कृष्णलाल पंवार एवं शहरी विधायक प्रमोद विज मौजूद रहेंगे। सम्मेलन के दौरान शिक्षा मंत्री शिक्षकों, विद्यार्थियों व विद्यालय प्रबंध समिति सदस्यों से सीधे रूबरू होकर स्कूलों की व्यवस्था जानेंगी।
जिला स्तर पर आयोजित किए जा रहे एसएमसी प्रशिक्षण सह सम्मेलन में शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम उठाने वाले एसएमसी सचिवों और अध्यक्षों को पुरस्कृत किया जाएगा। कार्यक्रम के आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम 10 जुलाई को पंचकुला व अंबाला से शुरू हो चुका है। प्रस्तावित प्रशिक्षण सह सम्मेलन का उद्देश्य सिस्टम को फिर से सक्रिय करना और सभी 22 जिलों में एसएमसी को मजबूत करना है। कार्यक्रम को लेकर हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से शेड्यूल पहले ही जारी किया जा चुका है। वहीं, छह श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली एसएमसी को शिक्षा मंत्री सम्मानित करेंगी।
सम्मेलन को लेकर जिला शिक्षा विभाग की ओर से अलग-अलग विषयों व मॉडलों पर आधारित स्टॉल भी लगाए गए हैं। इनमें विज्ञान व गणित प्रदर्शनी, ई-अधिगम, निपुण कार्यक्रम, नई शिक्षा नीति, आदि शिक्षा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर प्रदर्शनी व स्टॉल का आयोजन किया जाएगा। शिक्षा मंत्री सहित विभिन्न अतिथि एवं अधिकारी इन प्रदर्शनियों का निरीक्षण करेंगे।
वर्जन-
विद्यालय प्रबंध समिति के प्रशिक्षण व सम्मान के लिए जिला स्तर पर सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। पानीपत व सोनीपत जिले में यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 27 जुलाई को आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगी। साथ ही, एसएमसी व शिक्षा अधिकारियों से रूबरू हो शिक्षा संसाधनों, सुविधाओं और समस्याओं को जानेंगी।
- सुभाष चंद्र, जिला शिक्षा अधिकारी, पानीपत।