पानीपत। टीडीआई सेक्टर-39 में रविवार को समस्त क्षेत्रवासियों के सहयोग से विशाल हिंदू जागृति सम्मेलन का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम प्रातः 9 बजे प्रारंभ होगा। आयोजन को लेकर पूरे सेक्टर में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और घर-घर जाकर लोगों को आमंत्रित किया गया है। लगभग प्रत्येक घर पर ध्वज लगाए गए हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक और उत्सवी वातावरण बना हुआ है। कार्यक्रम के संयोजक सुनील चिंदा ने बताया कि सम्मेलन की शुरुआत महिलाओं द्वारा निकाली जाने वाली भव्य कलश यात्रा से होगी। इसके बाद विधिवत यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी, जो कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहेंगी। सम्मेलन में पूज्य महामंडलेश्वर अरुण दास, प्रख्यात वक्ता महेंद्र सिंगला, डॉ. कविता आर्य व ब्रह्माकुमारी राजयोग शिक्षिका कविता दीदी सभा को संबोधित करेंगी। मंच संचालन महेंद्र सिंह द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम के संरक्षक कंवर सिंह जबकि प्रियंक को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।