पानीपत। रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़े गए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के एक्सईएन कार्यालय में तैनात जेई को बृहस्पतिवार को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
गांव चुलकाना निवासी ठेकेदार राजेश कुमार ने विजिलेंस करनाल से जेई की शिकायत की थी। उन्होंने बताया था कि वर्ष 2021 में सेक्टर-25 पार्ट-1 में एचएसवीपी के गोदाम की चहारदीवारी की मरम्मत का ठेका लिया था। गोदाम में ही चौकीदार के कमरे के निर्माण का भी ठेका लिया था। सेक्टर-24 में गली की सफाई का ठेका भी लिया था। तीनों काम समय पर पूरे कर 2.40 लाख रुपये का बिल जमा कराया था, लेकिन जेई बिल पास करने के एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। राजेश कुमार की शिकायत में विजिलेंस की टीम ने बुधवार को जेई को रिश्वत की रकम के साथ रंगेहाथ पकड़ा था। उन्हें बृहस्पतिवार को अदालत में पेश कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया।