थाना बापौली पुलिस ने थाना क्षेत्र के एक गांव में स्कूल के बाहर से छात्रा को बहला फुसलाकर समालखा होटल में ले जाकर दुष्कर्म करने के मामले में आरोपी होटल मालिक को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना बापौली प्रभारी इंस्पेक्टर जाकिर हुसैन ने बताया कि थाना बापौली में 25 जुलाई को थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह चार बच्चों का पिता है। 25 जुलाई को सुबह उसकी साढे 15 वर्षीय नाबालिग बेटी घर से स्कूल गई थी। बेटी ने दोपहर एक बजे घर आकर मां को बताया कि स्कूल जाते समय गांव निवासी मनीष रास्ते में मिला और कहने लगा उसे कुछ जरूरी बात बतानी है। मनीष ने इसके लिए उसको 10:30 बजे स्कूल के बाहर मिलने के लिए बुलाया। मनीष उसे बहला फुसलाकर उसको अपनी मोटरसाइकिल पर समालखा में आरएस गेस्ट हाउस में ले गया। जहां पर उसके दो और साथी सुनील व सुमित मिले। मनीष ने यहां किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। उसके दोस्त सुमित व सुनील ने उसका साथ दिया था।
पुलिस ने 27 जुलाई को आरोपी मनीष को गिरफ्तार किया। उसने पूछताछ में बताया कि उसके साथी सुनील व सुमित के द्वारा फर्जी आधार कार्ड पर होटल में कमरा दिलाया था। आरोपी सुनील व सुमित को भी गिरफ्तार किया गया। इन्होंने पूछताछ में बताया कि उन्होंने समालखा आरएस गेस्ट हाउस के मालिक से कमरा किराए पर लेने के लिए बात की थी। होटल मालिक ने कहा कि वह किसी भी बालिग का आधार कार्ड ले आए। उन दोनों ने एक फर्जी आधार कार्ड की डिजिटल कॉफी व 800 रुपये होटल मालिक को देकर मनीष को एक घंटे के लिए कमरा किराये पर दिलवाया था। पुलिस ने अब आरोपी होटल मालिक आरोपी वाजिद अली वासी नूरवाला को को गिरफ्तार किया है।