पानीपत। रविवार शाम सवा चार से पौने पांच बजे तक हुई बरसात ने एक बार फिर प्रशासन के निकासी के दावों को झूठा साबित कर दिया। आधे घंटे की बरसात में ही जीटी रोड तालाब बन गया। सीएम के आने से महज आधा घंटा पहले बरसात हुई थी। सीएम का काफिला भी पीवीआर के सामने से जीटी रोड पर पानी धकेलते हुए निकला। सीएम गाड़ी में बैठे हुए यह नजारा देखते रहे। लोग सीएम की गाड़ी की ओर देखकर मुस्कुराते हुए अपने हावभाव से शहर की निकासी की व्यवस्था को दिखाते रहे। जीटी रोड पर खादी आश्रम, संजय चौक, एचडीएफसी बैंक के पास, एसडी कॉलेज के पास और पीवीआर के सामने पानी भरा रहा। इसी दौरान शहर में जाम भी लग गया।
सोमवार को समालखा के भापरा स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस पर कार्यक्रम आयोजित होगा। सीएम मनोहर लाल यहां परेड की सलामी लेंगे। कार्यक्रम से पहले ही स्टेडियम में पानी भर गया। पूरे स्टेडियम में कीचड़ हो गया। प्रशासन अब सूखी मिट्टी डालकर कार्यक्रम को आयोजित कराने का प्रयास कर रहा है। डीसी सुशील सारवान लगातार अधिकारियों से स्टेडियम की स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
मौसम के मिजाज को देखते हुए वाटर प्रूफ मंच तैयार किया गया है। हालांकि रविवार दोपहर बाद हवा के साथ आई बारिश ने प्रशासनिक तैयारियों को झटका दिया। ट्रैक से लेकर मैदान तक में पानी जमा हो गया, जिसे निकालने के लिए मशीन लगाई गई। वहीं सुरक्षा के लिहाज से पुख्ता प्रबंध किए गए। प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा एडीजीपी (सीआइडी) आलोक मित्तल, करनाल रेंज के आइजी सतेंद्र गुप्ता, एसपी सीएम सिक्योरिटी विजय प्रताप, एसपी शशांक कुमार सावन ने एडीसी व समालखा एसडीएम अश्वनी मलिक सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ वीआईपी के आगमन को लेकर रिहर्सल की है।