पानीपत। सेक्टर-13 में एक मकान के अंदर लकड़ी काट रहे श्रमिक की गर्दन में ग्राइंडर का ब्लेड टूटकर लग गया। नस कटने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सेक्टर 13-17 थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल के शवगृह में भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मूलरूप से उत्तर प्रदेश के गोंडा स्थित बसंतपुर गांव निवासी सन्नी (19) दो माह पहले ही पानीपत आया था। उसके भाई रामस्नेह ने बताया कि उसने सेक्टर-13 में एक कोठी का ठेका लिया था। सन्नी भी उसी के पास काम करता था और उसी निर्माणाधीन बिल्डिंग में रहता था। बृहस्पतिवार को सुबह साढ़े 11 बजे के आसपास सन्नी, मुकेश और आजाद चौखट लगा रहे थे। चौखट साइज में बड़ा होने के कारण उसे काट रहे थे। सन्नी ग्राइंडर लेकर चौखट को काटने लगा। उसने सन्नी को ग्राइंडर चलाने से रोका था, लेकिन इतने में उसने ग्राइंडर चला दिया। ग्राइंडर का ब्लेड टूट गया और उसकी गर्दन पर जा लगा। वह खून से लथपथ हालत में जमीन पर गिर पड़ा। वह सन्नी को लेकर एक निजी अस्पताल में गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। रामस्नेह ने बताया कि तीन साल पहले बीमारी की वजह से पिता की मौत हो चुकी है। सन्नी दो भाई और चार बहनों में सबसे छोटा था। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विजय सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।