पानीपत। शहरी क्षेत्रों में प्रॉपर्टी आईडी अपडेट करने के लिए प्रदेश सरकार ने शहरवासियों को बड़ी राहत देते हुए एक पोर्टल लाॅन्च किया है। इस पर कोई भी शहरवासी अपनी प्रॉपर्टी के डाटा को अपडेट या सत्यापित कर सकता है। हालांकि इसके लिए 15 मई को निर्धारित किया गया है।
इस समयावधि के भीतर शहर के लोग अपनी प्रॉपर्टी का सेल्फ असेसमेंट कर सकते हैं। प्रॉपर्टी आईडी में त्रुटियों के कारण अक्सर आमजन को नगर निगम में खासी परेशानी उठानी पड़ती थी, लेकिन अब सरकार द्वारा जनहित में प्रॉपर्टी आईडी संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए स्वयं प्रॉपर्टी मालिक को ही अपनी प्रॉपर्टी डाटा सत्यापन और अपडेट करने का विकल्प दिया है।
नगर निगम आयुक्त राहुल नरवाल ने बताया कि पोर्टल पर जाने के लिए नागरिकों को क्यूआर कोड स्कैन करना होगा। शहरी निकाय विभाग की ओर से नई प्लानिंग के तहत क्यूआर कोड जारी किया गया है। यह विभाग की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि संबंधित व्यक्ति खुद कहीं से भी प्रॉपर्टी आईडी में बदलाव की प्रक्रिया पूरी कर सकता है। नागरिकों को क्यूआर कोड से खुलने वाले पोर्टल पर अपनी प्रॉपर्टी संबंधित और अन्य आवश्यक जानकारी देनी होगी। उन्होंने बताया कि क्यूआर कोड स्कैन करने पर शहरवासी यूएलबीएचआरवाईएनडीसीडॉटओआरजी पोर्टल पर प्रॉपर्टी आईडी का डेटा देख सकेंगे। विभाग द्वारा अपने स्तर पर प्रॉपर्टी का मिलान किया जा रहा है। उन्होंने शहरी क्षेत्र के लोगों से आह्वान किया है कि वे पोर्टल पर अपनी आईडी में अगर त्रुटि है तो उसे ठीक कर सकते हैं।