पानीपत। दो शातिर ठगों ने दिनदहाड़े सामान्य अस्पताल में एक महिला को सम्मोहित कर उसके कानों से एक तोले सोने की बाली उतारवा कर ले गए। आरोपियों ने महिला को कपड़े में लिपटी एक गड्डी देकर कहा कि इसमें दो लाख रुपये है। तुम अपने लिए नई बाली बनवा लेना। महिला को जब होश आया तो कपड़े में रुपयों की जगह कागजों की गड्डी थी। इसके बाद महिला ने आरोपियों को सिविल अस्पताल में ढूंढा, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद उसने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
कुराना गांव निवासी अमित ने बताया कि उसका बेटा पिछले नौ दिन से बीमार है और सामान्य अस्पताल में भर्ती है। वह पत्नी नीतू के साथ शुक्रवार को सामान्य अस्पताल में बेटे पास था। इस दौरान उसकी बहन कविता सुबह करीब साढ़े 11 बजे चुलकाना से उनके लिए खाना लेकर अस्पताल आई थी। इमरजेंसी वार्ड के सामने दो शातिर ठगों ने उसे अपनी बातों में उलझा लिया और उसे एक रुमाल सुंघा दिया। इसके बाद वे कविता को ओपीडी ब्लॉक के सामने पार्क में ले गए। यहां पर उन्होंने कविता को काले रंग के कपड़े में लिपटी एक गड्डी दी। उन्होंने उससे कहा कि इसमें दो लाख रुपये है। तुम्हारी बालियां पुरानी हो गई है, तुम इनको निकालकर हमें दे दो, इन दो लाख रुपयों से नई बालियां और चेन बनवा लेना। इसके बाद आरोपियों ने चिमटी से बालियां निकाल ली और चले गए। करीब 10 मिनट बाद होश आने पर बहन ने काला कपड़ा झाड़ा तो उसमें रुपये की जगह कागज के टुकड़े मिले। उसने आरोपियों को ढूंढा, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद उसने बहन कविता के साथ सिविल चौकी पुलिस को सूचना दी।
अस्पताल के सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
पुलिस ने सामान्य अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की तो उसमें पूरी वारदात कैद मिली। आरोपी 11:43 पर बड़े पार्क के सामने महिला को लेकर गए और वारदात को अंजाम देने के बाद 12:05 मिनट पर आरोपी सामान्य अस्पताल से फरार हो गए। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी है।
सम्मोहित कर महिला के कानों से बालिया निकालने का मामला सामने आया है, पुलिस आरोपियों की धरपकड़ में जुट गई है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-इंस्पेक्टर जाकिर हुसैन, प्रभारी, शहर थाना पुलिस।