राजकीय कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल बापौली में चल रही बोर्ड की परीक्षाओं को लेकर कक्षा एक से आठवीं तक की छात्राओं की जल्दी छुट्टी कर दी। इसलिए स्कूल में बना मीड-डे-मिल का राशन छात्राओं के बर्तनों में डाल दिया और छात्राएं राशन को लेकर घर पहुंच गई। घर पहुंचने पर जब अभिभावकों ने राशन में कीड़े देखे तो उन्होंने स्कूल अध्यापिकओं पर घटिया राशन बनाने का आरोप लगाते हुए रोष जताया । अभिभावकों ने कहा कि स्कूल में बोर्ड की परीक्षाएं शुरू हो गई हैं, इसलिए सुबह स्कूल में जाकर अध्यापिकाओं से मिल कर राशन के बारे में बात की जाएगी। अभिभावक पंचायत सदस्य सतबीर को घटिया राशन दिखाने पहुंचे। इस पर उन्होंने मंगलवार को स्कूल में जाकर राशन के बारे में बात करने का आश्वासन दिया। इस बारे में स्कूल कार्यवाहक इंचार्ज अनीता कादियान का कहना है कि बच्चों के लिए राशन साफ सुथरा बनाया जाता है। अगर कोई कमी है तो और साफ सफाई पर ध्यान दिया जाएगा ।