स्काईलार्क मार्केट स्थित कार एसैसेरिज दुकान के मालिक से फोन पर बातचीत कर ठग ने उनकी पत्नी के खाते से 1.45 लाख रुपये निकाल लिए। पेटीएम लिमिट होने के कारण 45 हजार रुपये वापस पेटीएम अकाउंट में आ गए। एसपी सुमित कुमार के आदेशों पर तीन माह बाद सेक्टर 13-17 थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। दुकानदार सतीश सपरा ने बताया कि जून माह में उसने मेक माई ट्रिप एप से एक फ्लाइट बुक कराई थी। पेमेंट कटने के बाद भी फ्लाइट कंफर्म नहीं हुई तो उसने कस्टमर केयर नंबर पर कॉल पर शिकायत दर्ज कराई। 30 जून को उसके फोन पर एक अंजान नंबर से कॉल आई। ठग ने खुद को मेक माई ट्रिप कंपनी का कर्मचारी बताकर ठग ने उसे झांसे में ले लिया। उससे बातचीत के दौरान आरोपी ने किसी तरह उसकी पत्नी ज्योति सपरा के खाते से 1.45 लाख रुपये पेटीएम एप के माध्यम से दो अलग-अलग नंबरों पर ट्रांसफर कर दिए थे। पीड़ित ने 1 जुलाई को सेक्टर 13-17 थाना पुलिस को शिकायत दी तो पुलिसकर्मियों ने कार्रवाई करने का आश्वासन देकर वापस भेज दिया। अढ़ाई माह बीतने पर भी केस दर्ज नहीं हुआ तो उसने मंगलवार को एसपी को शिकायत दी थी। थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि साइबर सेल की मदद से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की
जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।