माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। नारा गांव के खेतों में नए साल पर शराब पार्टी के दौरान हुई कहासुनी में दो दोस्तों ने किसान की पीट-पीटकर हत्या कर दी। इसके बाद दोनों आरोपी शव को हौद में डाल दिया और फरार हो गए। जब खेत में किसान आया तो उसने शव को होद में पड़ा देखकर गांव में इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर मतलौडा थाना पुलिस व एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतक की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कियाहै।
पुलिस को दी शिकायत में जोशी गांव निवासी शमशेर सिंह ने बताया कि उसके चाचा राजीव उर्फ खुशीराम (47) पेशे से किसान थे। वे एक जनवरी सुबह घर थे। उन्हें गांव का ही काला व धर्मबीर बुलाने के लिए आए थे। दोनों ने चाचा से कहा कि एक काम से चलना है। दोनों उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले गए।
तीनों ने नारा गांव के ठेके से शराब खरीदी और राममेहर के खेत में बैठकर शराब पीने लगे। तीनों में शराब पीते समय किसी बात पर कहासुनी हो गई। काला व धर्मबीर ने उसके चाचा राजीव की पीट-पीटकर हत्या कर दी और शव को पानी की हौद में डालकर फरार हो गए। इस दौरान वह चाचा की तलाश करते रहा। इस दौरान उन्हें नारा गांव के ग्रामीण का फोन आया और चाचा राजीव का शव मिलने की सूचना दी। इसके बाद वह मौके पर पहुंचा और पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
शव की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपियों और मृतक राजीव के बीच शराब पीते समय खेत में कहासुनी होने की बात पता चली है। इसके बाद हत्या की गई है। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। खेत को गांव नारा निवासी राममेहर ने ठेके पर लिया है। - विजय कुमार, प्रभारी मतलौडा पुलिस थाना