पानीपत। चोरों ने भैंसवाल गांव के सरकारी स्कूल से चार सोलर प्लेट चोरी कर ली। ये प्लेटें भैंसवाल की ग्राम पंचायत ने स्कूल में लगवाई थी। स्कूल की मुख्य अध्यापक ने इस वारदात की शिकायत तहसील कैंप थाना पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
सेक्टर छह निवासी मीनाक्षी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह भैंसवाल के सरकारी स्कूल में बतौर मुख्य अध्यापिका कार्यरत है। उन्होंने 2017 में भैंसवाल की ग्राम पंचायत से आग्रह कर स्कूल में सोलर सिस्टम लगवाया था। वीरवार शाम को वह छुट्टी के बाद घर चली गई थी। शुक्रवार सुबह चौकीदार अमन ने स्कूल का गेट खोला। अमन ने उसे कॉल कर बताया कि स्कूल में चोरी हो गई। वह सूचना मिलते ही स्कूल पहुुंची। यहां उसने स्कूल का मुआयना किया। यहां से उसे चार सोलर प्लेट चोरी मिली। इसके बाद शिकायत तहसील कैंप थाना पुलिस को दी। ब्यूरो