समालखा। रामलीला में झगड़े के बाद युवक की चाकू से गोदकर हत्या करने के चार आरोपियों को सीआईए वन ने पकड़ लिया है। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश कर तीन को जेल भेज दिया है। जबकि एक आरोपी को एक दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपी से उसके बाकी साथियों के बारे में भी पूछताछ की जाएगी। पुलिस ने इन पकड़े गए आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है।
सीआईए वन प्रभारी राजपाल सिंह ने बताया कि उनकी टीम ने कड़ी मेहनत के बाद बुधवार रात को मनोज हत्याकांड के आरोपी वाल्मीकि बस्ती निवासी हिमांशु उर्फ ईशु पुत्र राकेश, रुस्तम उर्फ छोटा पुत्र बादशाह, रोमी पुत्र सुंदर व कृश पुत्र धर्मबीर को गिरफ्तार कर लिया है। 30 सितंबर रात को रामलीला में मनोज का हिमांशु, साहिल व रुसतम के साथ झगड़ा हो गया था। उसने सुबह इस बारे में अपने चाचा बिजेंद्र को बताया था। एक अक्तूबर को रामलीला से लौटते वक्त इन आरोपियों ने मनोज पर चाकू से हमला कर दिया था।
मनोज ने शोर मचाया तो उसका चाचा बिजेंद्र मौके पर पहुंच गया था। उसने अपने भतीजे सागर ने आरोपियों को पकड़ने की कोशिश तो आरोपियों ने धमकी दी जो भी बीच में आएगा उसे भी जान से मार देंगे। आरोपी बाद में मौके से फरार हो गए। वह सागर के साथ मिलकर आरोपियों को पकड़ने का भी प्रयास किया लेकिन वो फरार हो गए थे। इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापामारी कर रही थी। इनको बुधवार रात को मनाना मोड़ से पकड़ लिया।