पानीपत। सीआईए टू ने शराब ठेकेदारों के इशारे पर युवक का अपहरण कर लूटपाट करने व मारपीट करने के चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को गांव बिजावपा मोड़ से गिरफ्तार किया है। इनसे वारदात में प्रयुक्त गाड़ी व हथियार बरामद करने के लिए इन्हें तीन दिन के रिमांड पर लिया है। अब पुलिस शराब ठेकेदारों की गिरफ्तारी करेगी।
सीआईए टू प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि एकता विहार कॉलोनी से गांव उग्राखेड़ी निवासी जसविंद्र का अपहरण कर जानलेवा हमला करने व पैसे लूटने की वारदात में शामिल चार आरोपियों को सीआईए टू पुलिस की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान गांव बिजावा निवासी सुनील पुत्र बलिंदर व नरेंद्र पुत्र रामरत्न, गांव भैंसवाल, सोनीपत निवासी श्रीकांत पुत्र शिवकुमार व गांव पसोंडा, गाजियाबाद निवासी शोएब पुत्र इजाज के रूप में हुई है। इन्होंने पुलिस पूछताछ में बताया कि शराब ठेकेदार गांव खलीला निवासी सुरेंद्र उर्फ सांडू व अजीत उर्फ जीता के कहने पर इन्होंने वारदात को अंजाम दिया था। शराब ठेकेदारें को जसविंद्र पर अवैध रूप से शराब बेचने का शक था। 17 जुलाई को इन्होंने जसविंद्र का अपहरण कर मारपीट की और 1700 रुपये लूट लिए थे। जसविंद्र को सिविल अस्पताल के डॉक्टरों ने खानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था। अब पुलिस आरोपियों को कोर्ट में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है।