समालखा। करहंस गांव के पास जीटी रोड पर एक फॉर्च्यूनर चालक ने बेटे के सामने उसके सिक्योरिटी गार्ड पिता को कुचल दिया। सिक्योरिटी गार्ड की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी फॉर्च्यूनर चालक यहां से फरार हो गया। समालखा थाना पुलिस ने बेटे के बयान पर शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने आरोपी चालक पर केस दर्ज कर उसकी धरपकड़ शुरू कर दी है।
मनाना गांव निवासी मंजीत ने बताया कि उसके पिता रामकुमार (65) पानीपत में एक फैक्ट्री में बतौर सिक्योरिटी गार्ड काम करते थे। वह शुक्रवार शाम सात बजे दोनों पानीपत से एक ऑटो में बैठकर अपने गांव मनाना जा रहे थे। वह ऑटो से करहंस गांव के पास उतरे। उसके पिता ऑटो चालक को किराया देने लगे वह पैदल आगे चल दिया। किराया देते हुए पीछे से आई तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर चालक ने उसके पिता को कुचल दिया। वह राहगीरों की मदद से उनको जिला नागरिक अस्पताल में लेकर गया। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी पुलिस से मांग है कि जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाए
।