पानीपत। रिफाइनरी में पूर्व कर्नल की सुरक्षा में तैनात पूर्व फौजी बुधवार दोपहर बाद संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। बेटा सहारनपुर से पिता की तलाश में पानीपत पहुंचा, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर उसने पिता की गुमशुदगी की शिकायत सदर थाना पुलिस को दी। इस पर गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है।
सहारनपुर के गांव जेहरा निवासी अभिषेक ने बताया कि उसके पिता नरेंद्र कुमार आर्मी से सेवानिवृत्त हैं। वह पूर्व कर्नल कुलदीप सिंह की केएसएस सुरक्षा में पीटीए प्लांट रिफाइनरी पानीपत में सुरक्षाकर्मी के रूप में तैनात हैं। पिता से आखिरी बार बुधवार को दोपहर डेढ़ बजे बातचीत हुई थी। उसके बाद पिता का फोन बंद हो गया। वह बृहस्पतिवार को गांव से पीटीए प्लांट में आया और पिता के बारे में अन्य सुरक्षाकर्मियों से पूछताछ की तो पता चला कि ड्यूटी के बाद वह डीआरआर में रहते थे। वह डीआरआर में पहुंचा तो पिता वहां पर भी नहीं मिले। थक हारकर उसने पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई।