समालखा। छदिया गांव में करंट लगने से दो सगे भाइयों की मौत के मामले में फोरमैन एवं कार्यवाहक जेई को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई स्थानीय विभागीय अधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर चीफ इंजीनियर रोहतक मंडल ने की है। फोरमैन के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू हो गई है।
छदिया निवासी दीपक के खेत में विभाग की ओर से रखा 100 केवीए का ट्रांसफार्मर जल गया था। जिसे उतारकर नीचे रख दिया गया था। मंगलवार को दीपक अपने छोटे भाई अनिल उर्फ चांद व गांव के ही रामनिवास व नरेंद्र के साथ पिकअप गाड़ी में लोड कर ला रहा था। तभी गाड़ी फिसलने पर वापस आकर बिजली के खंभे से जा टकराई । जिस पर झटके के साथ 11 हजार वोल्टेज वाली लाइन का जंपर टूटकर चैनल से जा लगा था। चैनल के जरिये हैंडल से होकर गाड़ी में करंट आने पर चारों लोग झुलस गए थे। हादसे में सगे भाई दीपक व अनिल की मौत हो गई थी। इस मामले में विभाग के स्थानीय अधिकारियों ने शुरुआत तौर पर एरिया फोरमैन की लापरवाही पाने पर रिपोर्ट बना चीफ इंजीनियर को भेज दी थी। समालखा डिविजन के कार्यकारी अभियंता रणबीर देशवाल ने बताया कि इस मामले में फोरमैन को चीफ इंजीनियर रोहतक मंडल ने निलंबित कर दिया है। अब आगे विभागीय जांच होगी।