काबड़ी रोड के नजदीक फैक्टरी में लगी आग पर काबू पाता दमकलकर्मी।
पानीपत। पुराना औद्योगिक क्षेत्र स्थित टेक्सटाइल फैक्टरी में सोमवार दोपहर को आग लग गई। आग स्टोर रूम से होते हुए गोदाम तक पहुंच गई है। आग में कपड़ा, धागा और मशीनें जल गईं। दमकल विभाग की 24 गाड़ियों ने पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
सोमवार दोपहर डेढ़ बजे काबड़ी रोड स्थित गोयल इंटरप्राइजेज में शार्ट सर्किट से स्टोर रूम में आग लग गई। यहां फैक्टरी के कर्मचारियों ने अपने स्तर पर आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन ये भड़क गई। घटना की सूचना फैक्टरी मालिक और दमकल विभाग में दी गई। 10 मिनट बाद दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंची। तब तक आग उत्पादन क्षेत्र में पहुंच चुकी थी।
पुराना औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को खाली कराया। दमकल विभाग की टीम ने दीवार तोड़कर उत्पादन क्षेत्र में पानी की पाइप को पहुंचाया। विभाग की छह गाड़ियों ने आग पर काबू पाने के लिए 24 चक्कर लगाए। कड़ी मशक्कत के बाद शाम साढ़े छह बजे आग पर काबू पाया गया। इस घटना में लाखों के नुकसान का अंदेशा है।