पानीपत। फाल्गुन महोत्सव पर चुलकाना धाम में संतों के साथ फिल्म इंडस्ट्री के भी कई कलाकार पहुंचेंगे। अध्योध्या, वृंदावन, हरिद्वार और जम्मू कश्मीर के करीब 101 संतों को न्योता दिया गया। इनके अलावा रामायण व महाभारत के पात्रों को न्योता दिया गया है। इनके ठहराव से लेकर आयोजन स्थल पर अलग से व्यवस्था की जाएगी। मुख्यमंत्री और केंद्रीय पर्यटन मंत्री का अलग से मंच होगा। फाल्गुन महोत्सव में संत मुख्यमंत्री की पुष्प अर्चना करेंगे। समिति ने फाल्गुन महोत्सव को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।
चुलकाना स्थित श्याम बाबा धाम पर पहली बार फाल्गुन महोत्सव बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा। महोत्सव 20 मार्च को मनाया जाएगा। जिसमें मुख्यमंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय पर्यटन मंत्री पहुंचेंगे। श्रीश्याम धाम परिसर के साथ गांव में प्रवेश करते ही महोत्सव की तैयारी नजर आने लगी हैं। महोत्सव को पानीपत व उत्तर भारत तक सीमित नहीं रखा जाएगा। इसमें राष्ट्र के संतों को शामिल किया जाएगा। संतों के ठहरने की आरएसएस के पट्टीकल्याणा स्थित केंद्र पर की जाएगी। इनके अलावा प्रमुख लोगों की भी इसी जगह व्यवस्था की जाएगी।
बॉक्स
राम और श्याम की रथयात्रा से होगा महोत्सव शुरू
फाल्गुन महोत्सव का शुभारंभ राम व श्याम रथयात्रा से किया जाएगा। यह यात्रा सुबह 10 बजे शुरू होगी। इससे पहले सुंदरकांड का पाठ कराया जाएगा। 51 विद्यार्थी मंत्रोच्चारण करेंगे। यह कार्यक्रम पूरा दिन और रात तक चलेगा। इससे पहले 19 मार्च को मंदिर में कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। करीब 20 लाख लोगों के महोत्सव में शामिल होने का अनुमान लगाया जा रहा है। प्रदेश के कई राजनीतिक दलों के प्रमुख नेता पहुंचेंगे। इनसे संपर्क किया जा रहा है। कई नेताओं ने न्यौता स्वीकार कर लिया है।
बॉक्स
11 लाख लड्डूओं का लगाया जाएगा भोग
आयोजन समिति के प्रवक्ता वेद पाराशर ने बताया कि 11 लाख लड्डूओं का भोग बाबा को लगाया जाएगा। इसके अलावा कई हजार सवा मणी का भोग लगाया जाएगा। सवा लाख दीये श्याम मंदिर और जिले के मंदिरों में लगाए जाएंगे।