पानीपत। जिला सड़क सुरक्षा और सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी के संदर्भ में जिला सचिवालय के सभागार में मंगलवार को विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। बैठक में उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हाईवे पर अवैध कट बनाने वाले ढाबा संचालकों पर एफआईआर दर्ज की जाय।
डीसी ने कहा कि प्रशासन की लापरवाही से कोई भी हादसा नहीं होना चाहिए। हमें नागरिकों को साफ-सुथरे मार्ग उपलब्ध कराने हैं जो मार्ग क्षतिग्रस्त हैं उनकी मरम्मत समय पर करनी है। ताकि आम नागरिक दुर्घटना का शिकार होने से बच सकें। सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाना हम सबकी नैतिक जिम्मेवारी है। इस में किसी भी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए।
उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने बैठक में 11 सूत्रीय एजेंडे पर अधिकारियों से साथ गंभीरता से विचार -विमर्श किया व आकस्मिक दुर्घटनाओं से कैसे बचाव किया जाए इस बारे में सुझाव भी मांगे। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से 11 सूत्रीय एजेंडे में पूर्ण हो चुके कार्यों की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे जिस भी क्षेत्र में कार्य करें उनकी फोटो समेत सूचना उपलब्ध कराएं। उपायुक्त ने टोल प्लाजा के दोनों तरफ बस क्यू शेल्टर बनाने के लिए भी निर्देशित किया। ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर नकेल कसी जा सके। उपायुक्त ने एनएच 44 के प्रवेश व निकास को लेकर किए जा रहे कार्यों की प्रगति भी जानी और टूटी-फूटी फुटपाथ की मरम्मत करने के भी निर्देश दिए।
स्कूल बसों के टूल बॉक्स, सिलिंडर, फर्स्ट एड बॉक्स की करें जांच
उपायुक्त ने अधिकारियों को निजी स्कूलों द्वारा प्रयोग की जा रही स्कूल बसों के टूल बॉक्स, सिलिंडर, फस्टेड बॉक्स, कैमरा, यूनिफॉर्म आदि की समय-समय पर जांच करने के भी निर्देश अधिकारियों को दिए। पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत, एसडीएम मनदीप सिंह, सीटीएम राजेश सोनी, डीएसपी ट्रैफिक सुरेश सैनी,जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी सुमित चौधरी के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।