पानीपत। थाना सेक्टर-13/17 पुलिस ने सेक्टर-18 स्थित मकान से चांदी के जेवर व बर्तन चोरी करने की वारदात में शामिल पांचवें आरोपी को बुधवार देर शाम शामली से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उससे एक हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने अपने हिस्से में आई चोरी की चांदी बेचकर मिली नकदी में से कुछ पैसे खाने पीने में खर्च कर दिए। पुलिस ने आरोपी अंजू उर्फ विशाल के कब्जे से बचे एक हजार रुपये बरामद कर लिए। आरोपी से पूछताछ के बाद वीरवार को उसे न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया।
थाना सेक्टर 13/17 प्रभारी इंस्पेक्टर विलासाराम ने बताया कि सीआईए थ्री पुलिस टीम ने नवंबर 2023 में चोर गिरोह के मोनू निवासी छाजपुर, रोहित निवासी शामली व एक नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार किया था। आरोपियों से थाना सेक्टर-13-17 की दो व थाना चांदनी बाग की चोरी की एक वारदात में कबूलनामा किया था। तीनों आरोपियों ने अपने साथी आरोपी अंजू उर्फ विशाल निवासी शामली के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने के बारे स्वीकारा था। अब उनकी टीम ने आरोपी अंजू उर्फ विशाल को शामली से गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से एक हजार रुपये बरामद किए गए हैं।