पानीपत। समालखा फैक्टरी से 17.39 लाख रुपये लेकर पानीपत फैक्टरी में लौट रहे फील्ड सुपरवाइजर से लूटपाट की वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। लूट करने वाला कोई ओर नहीं बल्कि खुद शिकायकर्ता सुपरवाइजर सुखजीत ही निकला। उसने कुरुक्षेत्र के बबैन गांव निवासी जीजा सुखबीर के साथ वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी से खुलासा हुआ कि फैक्टरी मालिक उसकी तनख्वाह नहीं बढ़ा रहा था, जिस वजह उसने साजिश रची। सीआईए-3 ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और पूरी रकम को भी बरामद कर लिया है। शुक्रवार को उन्हें अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।
एसपी शशांक कुमार सावन ने बताया कि सुखजीत असंध रोड स्थित वर्धमान टेक्सटाइल में काम करता है। सुखजीत ने बताया था कि वह फील्ड सुपरवाइजर है और बुधवार शाम वह समालखा कपूर फैक्टरी से 17.39 लाख रुपये लेकर पानीपत लौट रहा था, दीवाना मोड के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर उससे रुपये लूट लिए और फरार हो गए। सीआईए-3 ने मामले की जांच शुरू की। सुखजीत बार-बार बयान बदल रहा था, जिस वजह उस पर शक हुआ और गहन पूछताछ में खुलासा हुआ कि उसी ने अपने जीजा के साथ वारदात की थी। वह फैक्टरी में पिछले 12 साल से 14 हजार की नौकरी कर रहा था। पेट्रोल और खाने के रुपये भी अलग से नहीं मिलते थे। कई बार मालिक से वेतन बढ़ाने के लिए कह चुका था, लेकिन सुनी नहीं गई।
आरोपी सुखजीत ने पुलिस को बताया कि मालिक के लिए 18-20 लाख रुपये मायने नहीं रखते। शिकायत तक पुलिस को नहीं देते। कैश कलेक्शन की जिम्मेदारी होने की वजह से उसे पता था कि कपूर इंडस्ट्री से माह में एक से दो बार 15 से 20 लाख रुपये लाने होते हैं। कपूर फैक्टरी को जीटी पर होने की वजह से चुना, जिससे वाहनों की आवाजाही अधिक होने से पुलिस ट्रेस न कर सके। इसमें अपने जीजा सुखबीर को शामिल किया, जो कुरुक्षेत्र में दूध की डेयरी का काम करता है।
आरोपी सुखजीत ने पुलिस को बताया कि शाम करीब पौने सात बजे कपूर इंडस्ट्री से रुपये लेकर निकल गया था। जीटी रोड पर ऐसी लोकेशन देखी, जहां पर सीसीटीवी नहीं लगे थे, उस जगह पहुंचकर जीजा को कॉल किया और उसके आने पर बैग दे दिया। जीजा बाइक से रकम लेकर कुरुक्षेत्र पहुंच गया। जिसके बाद पुलिस को लूट की सूचना दी।
वर्जन
24 घंटे में लूट की वारदात का पर्दाफाश करते हुए सीआईए-3 ने जीजा-साले को गिरफ्तार कर लिया है, गहनता से पूछताछ करने के लिए उन्हें शुक्रवार को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।
- शशांक कुमार सावन, एसपी पानीपत।