पानीपत। पांच बेटियों के पिता ने बाबरपुर और घरौंडा के बीच ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। वह सोमवार रात 10 बजे घर से निकला था। रात में दो बजे उसका शव रेलवे ट्रैक पर मिला। परिजन भी ढूंढ़ते हुए ट्रैक पर पहुंचे। जीआरपी ने मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। जीआरपी मामले की जांच कर रही है।
करनाल के घरौंडा क्षेत्र स्थित कैमला गांव निवासी नरेश कुमार (45) गांव में स्कूल बस का चालक था। उसकी पांच बेटियां हैं, जिनमें से उसने बड़ी बेटी की शादी कर दी थी। शेष चारों बेटियां अविवाहित हैं। सबसे छोटी बेटी नौ साल की है। चचेरे भाई महाबीर ने बताया कि नरेश को बेटियों की परवरिश की चिंता रहती थी। इससे वह पिछले कई दिनों से परेशान रहता था। सोमवार रात 10 बजे वह घर से निकल गया था। वह उसकी तलाश में जुट गए थे। रात करीब दो बजे जब वह बाबरपुर और घरौंडा के बीच पहुंचे तो नरेश का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। जीआरपी ने मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा।