पानीपत। आरके पुरम स्थित एक मकान से 26 हजार रुपये नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी हो गए। इसी मकान में रहने वाले किराएदार के मकान से भी 2300 रुपये नकदी और सोने के जेवर चोरी हो गए। रविवार को नौकरानी सफाई करने पहुंची तो चोरी का खुलासा हुआ। इसके बाद उसने चोरी की सूचना मालिक को दी। मालिक पानीपत पहुंचा और शिकायत मॉडल टाउन थाने में मुकदमा दर्ज कराया।
आरके पुरम निवासी अनिल ने बताया कि पांच अप्रैल को वह अपने परिवार सहित एमपी के अशोक नगर जिले के शहर आनंदपुर ट्रस्ट में सत्संग में गए थे। उनके मकान में नीचे किराएदार सुनील रहता है। वह भी शुक्रवार को परिवार सहित दिल्ली चला गया था। रविवार सुबह उन्होंने अपनी नौकरानी को फोन कर कहा कि वह आज पानीपत लौटेंगे, तुम आ जाना। कुछ देर बाद नौकरानी घर पहुंची। उसने फोन पर बताया कि मकान का ताला टूटा है। किराएदार सुनील के कमरे का भी लॉक टूटा हुआ था। आरोपी उसके घर से 26 हजार रुपये नकदी, एक तोले सोने की चेन, दो चांदी के सिक्के, एक जोड़ी पायल चांदी, दो चांदी के कड़े, सूट चोरी कर ले गए। वहीं किराएदार के कमरे से 2300 रुपये, दो ग्राम सोने की बाली चोरी मिली।