पानीपत। चौधर की जंग में गांव थिराना में भी कांटे की टक्कर वाले दो प्रत्याशी और उनके कार्यकर्ता आमने सामने हो गए। यहां एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर ईवीएम हैक तक के आरोप लगाए। जिसकी शिकायत पुलिस समेत डीसी और चुनाव आयोग को दी गई। इस दौरान काफी देर तक हंगामा हुआ। आधा घंटे तक मतदान स्थगित रहा।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में दो पक्षों में सरपंच पद की टक्कर है। इनमें एक पक्ष अमित का है तो दूसरा कुलदीप का। एक पक्ष का आरोप है कि उन्होंने दूसरे पक्ष के कुछ लोगों को पोलिंग स्टेशन की दीवार के पीछे लैपटॉप समेत पकड़ा है। वे ईवीएम को हैक करने की कोशिश कर रहे थे।
इस पर दूसरे पक्ष ने उनको पकड़ धुन दिया। मौके पर मौजूद पुलिस को इसकी सूचना दी गई। हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने भी सख्ती दिखाई और शांतिपूर्ण मतदान की लोगों से अपील की। जब बात नहीं बनी तो एक प्रत्याशी ने दूसरे के खिलाफ डीसी और चुनाव आयोग को शिकायत देने का भी दावा किया है।