पानीपत। मतलौडा थाना क्षेत्र के एक गांव के डेरे पर तीन महिलाओं के साथ सामूहिक दुराचार करने के आरोपी गैंग के सरगना राजू उर्फ राजीव से सामूहिक दुराचार की एक और बड़ी वारदात का खुलासा हुआ है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने दो माह पहले अपने दो साथियों के साथ मिलकर इसराना थानाक्षेत्र के एक गांव के खेत में भी एक महिला के साथ सामूहिक दुराचार किया था। उन्होंने परिवार को पुलिस में शिकायत देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। इस मामले में पुलिस को अब तक कोई शिकायत नहीं मिली है। इस वजह से वारदात सामने नहीं आई। पुलिस अब खेत में रहने वाली महिला से भी पूछताछ करने में जुट गई है।
हां साहब! यहीं थे वे दरिंदे, जिन्होंने मेरी पत्नी को मारा
दूसरी तरफ सरगना राजू और नरेंद्र को पुलिस ने रिमांड अवधि खत्म होने पर बृहस्पतिवार को कोर्ट में पेश किया, जहां पर उनकी शिनाख्त परेड कराई गई। मतलौडा थानाक्षेत्र में मछली फार्म पर रहने वाले महेंद्रपाल ने आरोपियों को देखते ही कहा कि यहीं दरिंदे थे, जिन्होंने उसके साथ मारपीट की थी। उसकी पत्नी के पेट व छाती में लात मारी थी। उसके मासूम बच्चों को गर्दन से पकड़ कर ऊपर उठाया था। दरिंदों ने उससे पांच हजार रुपये और एक फोन लूटा था। इनकी मारपीट की वजह से उसकी पत्नी बिमला की मौत हो गई। इसके बाद न्यायाधीश ने आरोपियों को जेल भेज दिया।
20 सितंबर की रात आरोपियों ने पहले मछली फार्म पर लूटपाट व हत्या की थी। उसके बाद दूसरे डेरे पर जाकर तीन महिलाओं के साथ सामूहिक दुराचार की वारदात को अंजाम दिया। दोनों मामलों में अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए थे। हत्या व लूटपाट के मामले में सीआईए-3 जांच कर रही थी और दरिंदगी की वारदात की सीआईए-1 जांच कर रही थी। सीआईए-3 हत्या व लूटपाट मामले की जांच कर चुकी है। अब सीआईए-1 सभी आरोपियों को शुक्रवार को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर उनसे दोबारा पूछताछ करेगी। इसके बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में सामूहिक दुराचार की तीनों पीड़ित महिलाओं के सामने शिनाख्त परेड होगी।
पूछताछ में सरगना राजू ने बताया कि उसने 20 सितंबर को सामूहिक दुराचार की वारदात के बाद 21 सितंबर को गन्नौर के शाहपुर तग्गा गांव से एक बाइक चोरी की थी। उत्तर प्रदेश भागते समय सनौली क्षेत्र में एक ऑटो से टकरा कर एक्सीडेंट हो गया। उसने मोटरसाइकिल वहीं छोड़ दी थी और दूसरी नई बाइक चोरी कर उत्तर प्रदेश भाग गया। शामली में एक कुत्ता आगे आने से गिरकर चोटिल हो गया। इसके बाद उसने वह मोटरसाइकिल झाड़ियों में छोड़ दी थी।
पुलिस ने हाट भावड़ी गांव के पास बाग से झाड़ियों में छिपाई बाइक को बरामद कर लिया है। अब उसके मालिक का पता लगाया जा रहा है। इसके अलावा पुलिस ने प्लास, पेंचकश, बैग, तलवार नुमा हथियार बरामद किया। पुलिस आरोपी जयभगवान से एक पिस्तौल बरामद कर चुकी है। वहीं आरोपी राजू ने बताया कि शामली में सड़क हादसे में चोटिल होने के बाद उसने पिस्तौल वहीं फेंक दिया था। वह पिस्तौल पिछले कई साल से रखे हुए था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पानीपत में वारदात करने के बाद वह साथी ज्योति व नरेंद्र के साथ कैराना के पंजीठ गांव और शामली में ईंख के खेतों में रात बिताता था। वह चोरी के तार को बेचकर शराब पार्टी करते और होटल में खाना खाते थे।
सरगना राजू और आरोपी नरेंद्र को जेल भेज दिया गया है। उनकी मछली फार्म पर रहने वाले महेंद्रपाल से शिनाख्त परेड कराई गई है। पूछताछ में एक महिला के साथ सामूहिक दुराचार की बात सामने आई है, लेकिन फिलहाल ऐसी कोई शिकायत पुलिस को नहीं मिली है।
- अजीत सिंह शेखावत, पुलिस अधीक्षक, पानीपत।