पानीपत। बिजली निगम कर्मचारी इन दिनों वेतन वृद्धि से लेकर वर्दी, ईएसआई और उपकरणों जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। इनके समाधान को लेकर ऑल हरियाणा पावर कॉरपोरेशन वर्कर यूनियन ने कार्यकारी अभियंता सिटी डिवीजन को ज्ञापन सौंपा है।
यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष जितेंद्र सैनी ने बताया कि सनौली रोड़ सब डिवीजन में एक ही ड्राइवर कार्यरत है उसी पर पूरी सब डिविजन के कार्य का बोझ है। सभी सब डिवीजनों में फील्ड तथा क्लेरिकल स्टाफ की कमी है। सभी शिकायत केंद्रों पर स्मार्टफोन तक नहीं हैं। शिकायत केंद्र तथा पावर हाउस में शिफ्ट में ड्यूटी करने वाले स्टाफ को शिफ्ट एलाउंस तक नहीं मिलता। एचकेआरएनएल के तहत लगे कर्मचारियों के छह साल तथा 10 साल पूरे होने पर वेतन वृद्धि नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि सभी सब डिवीजनों में एचटी लाइनों के जीओ स्विच तथा ट्रांसफार्मरों की मेंटेनेंस बाकी हैं। तीनों सब डिवीजनों में एचटी और एलटी लाइनों के जर्जर हो चुके कंडक्टर बदलने का काम और जर्जर खड़े आयरन पोलो को हटाने का काम भी बाकी है। कर्मचारियों के आईडी कार्ड तक नहीं बने हैं।
कर्मचारियों को ग्रीष्मकालीन तथा शीतकालीन वर्दी तक नहीं मिली। शिकायत केंद्रों पर शिकायत गाड़ी और सीढ़ी तक नहीं है। कर्मचारी उपभोक्ताओं की शिकायत और ब्रेकडाउन समय का समाधान तक नहीं कर पाते। कच्चे कर्मचारियों की ईएसआई सुविधा बंद हो चुकी है। कर्मचारियों के चिरायु आयुष्मान कार्ड तक नहीं बने हैं। डिवीजन, सब डिवीजन, पॉवर हाउस तथा शिकायत केंद्रों में पीने के पानी के आरओ तक नहीं हैं। सभी पॉवर हाउसों में सफाई कर्मचारी व चौकीदार और सफाई का सामान तक नहीं हैं। कर्मचारियों का उत्पीड़न हो रहा है। इनके साथ एलएम और एलएलम को अच्छी क्वालिटी के हेलमेट सेंसर, अर्थिंग बेल भी उपलब्ध कराने और भ्रष्टाचार पर रोक लगाने की भी मांग की गई है।
उन्होंने अधिकारियों के संज्ञान में डाला कि जिन पॉवर हाउसों में वीसीबी 15 साल से अधिक पुरानी हो चुकी है उन्हें भी जल्द बदला जाए । जिन पॉवर हाउसों की बिल्डिंग जर्जर हो चुकी है उनकी मरम्मत करवाई जाए। हर महीने सभी तकनीकी कर्मचारियों की मीटिंग बुलाकर उन्हें सेफ्टी के बारे में जागरूक किया जाए । निगम की पॉलिसी के अनुसार सभी पॉवर हाउसों में पांच कर्मचारी नियुक्त किए जाए । पॉवर हाउसों और शिकायत केंद्रों पर फर्स्ट एड किट तथा अग्निश्मन यंत्र का प्रबंध किया जाए। सभी पॉवर हाउसों से निकलने वाले फीडरों के फर्स्ट एचपोल ओर उनकी मेन लाइन की मरम्मत कराने के साथ उनकी अर्थिंग की जाए।
यूनियन पदाधिकारियों का कहना है कि बिजली कर्मचारियों की मांगों को लेकर अधिकारियों को लिखित ज्ञापन दिया गया है। अगर इनका समय रहते समाधान नहीं हुआ तो यूनियन विरोध प्रदर्शन करने पर उतारू होगी।