पानीपत। सेक्टर 25 स्थित निजी होटल में शुक्रवार रात को चैंबर ऑफ कॉमर्स, सुक्ष्म, लघु व मध्यम मंत्रालय, सोलर कंपनी पैनासोनिक, एसआईडीबीई व एडविट कंपनी की बैठक हुई। बैठक में उद्यमियों को सरकार द्वारा एमएसएमई के अंतर्गत आने वाले उद्योगों को दी जाने वाली सब्सिडी और विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही कंपनियों ने भी उद्यमियों को अपनी मशीन और उनकी गुणवत्ता के बारे में अवगत कराया।
एमएसएमई के असिस्टेंट डायरेक्टर दीपक वर्मा ने बताया कि सरकार एमएसएमई के अंतर्गत आने वाले उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न प्रकार की योजना चला रही है। उद्यमियों को सस्ती दरों पर बैंक से लोन उपलब्ध कराया जा रहा है। नए उद्योग स्थापित करने पर सब्सिडी दी जा रही है। उद्यमियों को सस्ती भूमि उपलब्ध कराने का भी प्रयास है ताकि निवेश को बढ़ावा मिल सके। उन्होंने बताया कि एमएसएमई और निर्यात उद्योगों पर लोन पर सात प्रतिशत ब्याज से कम कर तीन प्रतिशत किया जा चुका है। सिडबी 100 प्रतिशत नॉन कोलेटरल लोन, फास्ट्रैक एप्लीकेशन प्रोसेसिंग और न्यूनतम ब्याज दर सरकार उपलब्ध करवा रही है। बैठक में पैनासोनिक सोलर कंपनी ने अपने सोलर सिस्टम के बारे में भी जानकारी दी गई। इस दौरान सोलर सिस्टम स्थापित करने पर मिलने वाली सब्सिडी के बारे में अवगत कराया गया।
चैंबर ऑफ कॉमर्स के चेयरमैन विनोज धमीजा ने कहा कि सरकार सीधे उद्यमियों तक पहुंचे इसके लिए सरकार को कदम उठाने होंगे। नए उद्योग कैसे स्थापित किए जाएं और निवेशकों को कैसे लुभाया जाए, इसके लिए भी सरकार को प्रयास करना होगा। बैठक में मुख्यातिथि के रूप में एमएसएमई के असिस्टेंट डायरेक्टर दीपक वर्मा ने शिरकत की। बैठक की अध्यक्षता चेंबर ऑफ कॉमर्स के चेयरमैन विनोद धमीजा ने शिरकत की। बैठक में विनोद खंडेलवाल, ललित गोयल, राजीव अग्रवाल, अतुल मितल, नितिन अरोड़ा, रामनिवास गुप्ता व प्रवीण कुमार मुख्य रूप से मौजूद रहे।