पानीपत। त्योहारी सीजन को देखते हुए बाजार में दिन प्रतिदिन भीड़ बढ़ती ही जा रही है। विशेष तौर पर रविवार को शहर के लोग करवाचौथ के लिए खरीदारी करने पहुंचे। इन ग्राहकों को लुभाने के लिए बाजार के दुकानदार दुकानों के बाहर तक अतिक्रमण किए हुए थे। दुकानदारों में अतिक्रमण करने की होड़ सी लगी थी। हालांकि एक दिन पहले पुलिस और निगम ने संयुक्त अभियान चलाते हुए चार बाजारों के दुकानदारों को अतिक्रमण हटवाया था लेकिन अगले ही दिन हालात ज्यों के त्यों मिले। अब पुलिस के पास लोगों की सुरक्षा का जिम्मा तो है ही साथ में अतिक्रमण हटवाने की जिम्मेदारी भी आ गई है।
इसके लिए पहली बार बाजारों में 35 महिला पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई है। ये महिला-पुरुष पुलिस कर्मी गश्त के साथ दुकानों के बाहर किए गए अतिक्रमण को भी हटवाने का काम कर रही हैं। हालांकि इनके लिए सबसे बड़ी चुनौती दुकानों के सामने से अतिक्रमण के साथ खड़े दो पहिया वाहनों को हटवाने की रहती है। अतिक्रमण हटवाने को लेकर ये महिला पुलिस कर्मी दुकानदारों से अनुरोध भी करती दिखीं और जरूरत पड़ने पर सख्ती भी दिखाती मिलीं।
अतिक्रमण कम होने से राहत
पहले के तुलना में अब बाजारों में अतिक्रमण काफी कम हुआ है। बाजारों में त्योहारों के चलते भीड़ तो है लेकिन पहले के मुताबिक अतिक्रमण कम होने से लोगों में राहत भी है।
मोनू, ग्राहक।
अतिक्रमण हटाने के लिए दुकानदार हों एकजुट
त्योहारी सीजन में अतिक्रमण आम बात है। इसे सिर्फ दुकानदारों के प्रयास से समाप्त किया जा सकता है। अगर दुकानदार खुद एकजुट होकर इसका हल करें तो ग्राहकों को ज्यादा सुविधा मिल सकेगी।
दीपक, ग्राहक।
खुद को महसूस कर रहे सुरक्षित
इस बार बाजार में पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है। ये पुलिस का बेहतर प्रयास है। इससे लोग खुद को सुरक्षित महसूस करते हैं। पुलिस के इस प्रयास का सभी अभिनंदन करते हैं।
शिवम, दुकानदार।
त्योहारी सीजन में अतिक्रमण आम समस्या
त्योहारी सीजन पर अतिक्रमण आम समस्या है लेकिन सबसे ज्यादा जरूरी दुकानदारों और ग्राहकों की सुरक्षा का विषय है। अक्सर भीड़ में कुछ असामाजिक तत्व गलत काम कर जाते हैं। पुलिस की मुस्तैदी से अब इन पर नकेल कसी जा चुकी है।
ललित दुआ, दुकानदार।
अतिक्रमण हटाने में प्रधान और प्रशासन प्रयासरत
बाजार में अतिक्रमण हटवाने के लिए बाजार प्रधान और प्रशासन प्रयासरत है। दूसरी ओर पुलिस की गश्त बढ़ने से दुकानदारों और ग्राहकों की सुरक्षा बढ़ी है। लोग दिन रात के समय आराम से बाजारों में खरीदारी करने आते हैं।
गौरव लिखा, बाजार प्रधान।
वर्जन:
दुकानदारों और ग्राहकों की सुरक्षा के लिहाज से अब कमांडो, पुरुषों के साथ अब बाजारों में महिला पुलिस कर्मी भी तैनात की गई हैं। पुलिस अब गश्त के साथ अतिक्रमण हटवाने का काम भी कर रही है। दुकानदारों से इसमें सहयोग की अपील की जा रही है।
राजेश कुमार, यातायात प्रभारी, पूर्व जोन।