संवाद न्यूज एजेंसी
मतलौडा। हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला कार्यक्रम प्रबंधक ने शुक्रवार को मतलौडा और सनौली खुर्द खंड में बैठक की। इसमें मिशन ने मोबाइल आधारित सशक्त प्रशिक्षण आवश्यकता आंकलन टूल लांच किया। यह टूल समुदाय आधारित संगठनों में जुड़ी ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रशिक्षण की वास्तविक जरूरतों की पहचान करने और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने में मदद करेगा। जिला कार्यक्रम प्रबंधक मुंतजिर आलम ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को उनके कार्यक्षेत्र में आवश्यक कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। लेट्स ड्रीम फाउंडेशन द्वारा तकनीकी सहयोग प्रदान किए जा रहे हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षण की आवश्यकता और अब तक मिले प्रशिक्षण के बीच के अंतर को कम करना है ताकि महिला समूह आत्मनिर्भरता और संगठनात्मक दक्षता के नए मानक स्थापित कर सकें।