पानीपत। सेक्टर आठ में बिजली के खंभों पर मीटर लगा रहा कर्मी 25 जून को करंट लगने पर खंभे से नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। कर्मचारी का एक माह तक चंडीगढ़ पीजीआई में इलाज चला। अब कर्मचारी ने ठेकेदार व बिजली निगम के जेई को हादसे का जिम्मेदार बताते हुए उनके खिलाफ शिकायत दी है। पुलिस ने कर्मचारी की शिकायत पर जेई व ठेकेदार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
नूरवाला की हरि सिंह कॉलेनी निवासी अंकित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया ठेकेदार हरबीर जागलान की जागलान वर्कस नाम से कंपनी है। कंपनी के पास बिजली निगम के मीटर खंभों पर लगाने का ठेका है। 25 जून को ठेकेदार हरबीर जागलान व जेई गोपाल ने उसे निर्देश दिए कि सेक्टर आठ में मकान नंबर 1079 पास खंभे पर थ्री फेस का मीटर लगाना है। वह बिजली की लाइन कटवा देते हैं। वह दोपहर के दो बजे इस मकान के पास खंभे पर चढ़कर थ्री फेस का मीटर लगाने लगा तो करंट लगने से वह नीचे गिर गया। इससे उसकी रीढ़ की हड्डी में भी काफी चोटें आई।। परिजन उसको नागरिक अस्पताल लेकर आए जहां से उसे चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया। उसका लंबे समय तक चंडीगढ़ पीजीआई में इलाज चला। अब उसने ठेकेदार हरबीर जागलान व जेई गोपाल के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी है।