पानीपत। बिजली निगम कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर जब एक्सईएन सिटी ने यूनियन पदाधिकारियों को मिलने का समय नहीं दिया तो यूनियन ने एक्सईएन सिटी के खिलाफ बुधवार को आंदोलन का मोर्चा खोल दिया है। कर्मचारियों ने बुधवार सुबह दो घंटे तक एक्सईएन सिटी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। यूनियन नेताओं का कहना है कि वे पिछले दो माह से अधिकारी से मिलने का समय मांग रहे हैं लेकिन अधिकारी उनको मिलने का समय नहीं दे रहे हैं। इसे लेकर उन्होंने अधिकारी को विरोध प्रदर्शन तक करने की चेतावनी तक दी थी लेकिन उन पर इसका कोई असर नहीं हुआ। जिसके चलते कर्मचारियों को आंदोलन का रास्ता चुनना पड़ा। कर्मचारी नेताओं का कहना है कि जब तक उनकी मांगों का समाधान नहीं होता उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।
यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष जितेंद्र सैनी ने बताया कि सनौली रोड़ सब डिवीजन में एक ही ड्राइवर कार्यरत है उसी पर पूरी सब डिविजन के कार्य का बोझ है। सभी सब डिविजनों में फील्ड तथा क्लेरिकल स्टाफ की कमी है। सभी शिकायत केंद्रों पर स्मार्टफोन तक नहीं हैं। शिकायत केंद्र तथा पावर हाउस में शिफ्ट में ड्यूटी करने वाले स्टाफ को शिफ्ट एलाउंस तक नहीं मिलता। हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत लगे कर्मचारियों के छह साल तथा 10 साल पूरे होने पर वेतन वृद्धि नहीं हुई। प्रमोद शर्मा की सर्विस बुक मंगवाकर सेकंड एसीपी और सेवाराम एलडीसी का वेतन वृद्धि का एरियर बाकी है। शर्मिला एलडीसी की चार्ज सीट क्लियर होनी बकाया है। सभी सब डिविजनों में एचटी लाइनों के जीओ स्विच तथा ट्रांसफार्मरों की मेंटेनेंस बाकी है। तीनों सब डिविजनों में एचटी और एलटी लाइनों के जर्जर हो चुके कंडक्टर बदलने का काम, जर्जर खड़े आयरन पोलों को हटाने का काम भी बाकी है। कर्मचारियों के आईडी कार्ड तक नहीं बने हैं।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को ग्रीष्मकालीन तथा शीतकालीन वर्दी तक नहीं मिली। शिकायत केंद्रों पर शिकायत गाड़ी और सीढ़ी तक नहीं है। कर्मचारी उपभोक्ताओं की शिकायत और ब्रेकडाउन समय का समाधान तक नहीं कर पाते। कच्चे कर्मचारियों की ईएसआई सुविधा बंद हो चुकी है। कर्मचारियों के चिरायु आयुष्मान कार्ड तक नहीं बने हैं। डिवीजन, सब डिवीजन, पॉवर हाउस तथा शिकायत केंद्रों में पीने के पानी के आरओ तक नहीं हैं। सभी पॉवर हाउसों में सफाई कर्मचारी व चौकीदार और सफाई का सामान तक नहीं हैं। इनके साथ एलएम को अच्छी गुणवत्ता के हेलमेट सेंसर, अर्थिंग बेल भी उपलब्ध कराने और भ्रष्टाचार पर रोक लगाने की भी मांग की गई है।