पानीपत। पंचायती राज चुनाव के प्रथम चरण में 30 अक्तूबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों को चुनाव होने जा रहा है। इसमें जिले के 198 गांवों से 4.57 लाख मतदाता अपने प्रत्याशियों को ईवीएम का बटन दबाकर चुनेंगे। इसके लिए प्रशासन ने पोलिंग पार्टियों को तैनात कर दिया है। वहीं वोटिंग के लिए 1587 ईवीएम मशीनें भी मंगवाई गई हैं। इनका रेंडमाइजेशन भी हो रहा है। अब मतदाता इनमें प्रत्याशियों के भविष्य पर मुहर लगाने का काम करेंगे। इसके लिए प्रत्याशियों से लेकर ग्रामीणों ने भी पूरी तैयारी कर दी है।
पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव में जिले में 4 लाख 57 हजार 632 कुल मतदाता हैं। जिनमें 2 लाख 44 हजार 68 पुरुष ,2 लाख 13 हजार 551 महिला और 13 परलैंगिक (ट्रांस जेंडर) मतदाता हैं। ये आम चुनाव 529 पोलिंग स्टेशनों पर होगा। इनमें 121 संवेदनशील व 187 अति संवेदनशील हैं।
जिला परिषद की बात करें तो जिले के कुल 198 गांव को 17 वार्डों में बांटा गया है। यहां से कुल 107 प्रत्याशियों ने चुनावी हुंकार भरी है। इस बार जिला परिषद के चेयरमैन की सीट महिला के लिए आरक्षित है। हर वार्ड में 10 से 15 गांव शामिल हैं। जिले भर के ग्रामीण अंचल के लोग इनके लिए भी वोट करेंगे।
दूसरी ओर जिले को छह अलग अलग ब्लॉक में बांटा गया है। इनमें पानीपत, सनौली, बापौली, समालखा, इसराना और मतलौडा शामिल हैं। इन छह ब्लॉक से 134 पंचायत समिति सदस्यों को चुनाव भी ईवीएम से होना है। इनकी वोटिंग भी जिला परिषद के साथ होगी।
पंचायत समिति की बात करें तो मतदान को लेकर खंड मतलौडा में कुल 117 वार्ड हैं। इनमें से 21 वार्ड रिर्जव रहेंगे। खंड बापौली में 61 वार्ड हैं। खंड इसराना में 104 वार्ड हैं। उपमंडल समालखा में 111 वार्ड हैं 22 वार्ड रिर्जव रहेंगे। खंड पानीपत में 95 वार्ड हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी सुशील सारवान ने बताया कि मतदान में लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
दस प्रतिशत अतिरिक्त रखी ईवीएम
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सुशील सारवान ने बताया कि जिला परिषद और पंचायत समिति के इस चुनाव के लिए 1587 ईवीएम का प्रयोग किया जाएगा। एक बूथ पर एक ईवीएम पंचायत समिति के लिए और दूसरी जिला परिषद के लिए होगी। इसके अलावा 10 प्रतिशत ईवीएम अतिरिक्त रखी गई हैं। जो किसी भी ईवीएम के खराब होने या बंद होने की स्थिति में तुंरत प्रभाव से रखवा दी जाएंगी।
उन्होंने बताया कि जिले में जिला परिषद के 17 वार्ड हैं। इनमें 107 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनके अलावा पंचायत समिति सदस्यों की बात करें तो जिले के छह खंडों के 134 वार्डों में 472 प्रत्याशी मैदान में उतर चुके हैं। जिला परिषद और पंचायत समिति के चुनाव एक साथ होंगे। इसके लिए प्रशासन ने जिले के कुल 308 बूथों पर 1587 ईवीएम रखवाने का निर्णय लिया है। जिन पर जिले के 4.57 लाख लोग मतदान कर अपने प्रत्याशी को वोट करेंगे।