पानीपत। बलजीत नगर में 14 मार्च को पंजाब नेशनल बैंक की मित्र शाखा में चार लाख रुपये का डाका डालने वाले डकैतों से रकम, कार, पिस्तौल व गोलियां बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। सीआईए थ्री की टीमें वारदात में प्रयुक्त यह सामान बरामद करने के लिए आरोपियों को मंगलवार को ही अपने साथ लेकर रवाना हो गई थी। कार को मोहित के कुंडली स्थित घर से बरामद किया जाना है। पिस्तौल व गोलियां आरोपी अजय के पास से बरामद किया जाना है। जिनसे पिस्तौल खरीदी गई थी उसको भी गिरफ्तार किया जाना है। पुलिस तीन दिन के रिमांड के बाद बुधवार को सभी आरोपियों कोर्ट में पेश करेगी।
14 जून को बलजीत नगर में पंजाब नेशनल बैंक की मित्र शाखा में चार नकाबपोश बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर चार लाख रुपये की डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी एक मोटरसाइकिल को छोड़कर फरार हो गए। इन्होंने एक मोटरसाइकिल रास्ते से लूटी थी। पुलिस की छह टीम आरोपियों की धरपकड़ में लगी हुई थी। सीआईए-थ्री की टीम ने रविवार को गुप्त सूचना पर सोनीपत के जुआ गांव से प्रशांत निवासी पुरखास गांव सोनीपत, अजय निवासी कारद गांव हाल निवासी शेखपुरा गांव, साहिल निवासी पुगथला सोनीपत, सोनीपत व प्रिंस निवासी जुआ ग सोनीपत, मोहित निवासी कुंडली, सोनीपत व केशव निवासी धूप सिंह नगर पानीपत को गिरफ्तार किया था।
एसपी ने बताया कि गिरोह का सरगना प्रशांत है। प्रशांत, अजय, साहिल व प्रिंस की दोस्ती सोनीपत जेल में हुई थी। अजय व प्रिंस हत्या के एक मामले में जेल में बंद थे। प्रशांत व साहिल लूट के मामले में जेल में थे। चारों ने यहां पर अपना नया गैंग बनाया। चारों कुछ दिन पहले जमानत पर जेल से बाहर आए थे। धूप सिंह नगर का केशव प्रशांत को जानता था। वह अपने दोस्त के माध्यम से उससे मिला था। केशव ने इन्हें बताया था कि बलजीत नगर स्थित पीएनबी की मित्र शाखा में उसका खाता है। यहां बहुत सारा पैसा इकट्ठा होता है। प्रशांत ने पूरा प्लान बनाया और केशव ने 13 जून को शाखा की रेकी की। प्रशांत ने पैसों का लालच देकर मोहित निवासी कुंडली को भी इसमें शामिल किया। मोहित अपनी कार में प्रशांत, प्रिंस, अजय व साहिल को लेकर सेक्टर 25 बाईपास पर पहुंचा। चारों को यहीं पर उतारा दिया। चारों छह जून को गन्नौर से छीनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर बलजीत नगर में पीएनबी की मित्र शाखा में पहुंचे और पिस्तौल के बल पर डकैती डाली। वह यहां पर मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गए। इन्होंने बबैल नाका के पास से एक मोटरसाइकिल लूटी थी। इन्होंने लूटी मोटरसाइकिल ट्रांसपोर्ट नगर में छोड़ दी थी।
वर्जन-
सीआईए थ्री प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि सभी आरोपियों से पिस्तौल, कार, रकम व गोलियां बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। इनके ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। बुधवार को इनको कोर्ट में पेश किया जाएगा। इनसे गहनता से पूछताछ भी की जा रही है।