माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। गणतंत्र दिवस पर शिक्षा विभाग की झांकी पीएमश्री स्कूलों और शिक्षा विभाग की मूलभूत सुविधाओं पर आधारित होगी। शिक्षा विभाग ने इसको लेकर कमेटी गठित की है। इस कमेटी की देखरेख में झांकी बनाई जाएगी। अधिकारियों का दावा है कि इस बार झांकी देखने लायक होगी और बाकी झांकियों से बेहतर होगी।
शिक्षा विभाग ने कमर कस ली है। जिला शिक्षा अधिकारी कुलदीप दहिया ने वीरवार को अपने कार्यालय में कमेटी सदस्यों के साथ बैठक की। उन्होंने झांकी को लेकर विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस पर जिला स्तरीय समारोह शिवाजी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। इस बार यहां प्रदेश स्तर पर कार्यक्रम किया जा सकता है। शिक्षा विभाग को कार्यक्रम को देखते हुए झांकी को भी आकर्षण बनाना है।
शिक्षा विभाग की मूलभूत सुविधा पर होंगी केंद्रित
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि झांकी में इस बार सरकारी स्कूलों की मूलभूत सुविधाओं पर होगी। इसमें पीएमश्री स्कूलों को भी फोकस रखा जाएगा। झांकी में इन सब विषयों पर विचार किया गया है। इन विषयों को ध्यान में रखा जाना है।
अन्य आयोजन की समीक्षा की
जिला शिक्षा अधिकारी कुलदीप दहिया ने इसके साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मास पीटी की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में इस बार पूरे देश की सभ्यता और संस्कृति को दिखाया जाना है। हरियाणा की एक प्रस्तुति समारोह में शामिल की जाएगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रिहर्सल अधिकारी अपनी देखरेख में कराएं। इनका चयन विषयों व प्रस्तुति के आधार पर किया जाना चाहिए। इसके अलावा मास पीटी और डंबल लेजियम की प्रस्तुति भी बेहतर बनाई जानी है। इसमें किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।