पानीपत। सीईटी के परीक्षार्थियों से भरी बसों ने दैनिक यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दीं। दिल्ली जाने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा। दिल्ली जाने वाली बसें भरी आईं और हर आधे घंटे में बस आने के बावजूद यात्रियों को दो से तीन घंटे तक इंतजार करना पड़ा। कुछ तो इंतजार कर हार गए और घर वापस लौट गए। जिन्हें जरूरी काम था, उन्हें टैक्सी का सहारा लेने को मजबूर होना पड़ा।
सेक्टर-25 निवासी दैनिक यात्री अनुज ने बताया कि उन्हें नौकरी पर रोज सोनीपत जाना होता है, लेकिन सुबह से बस का इंतजार कर रहा हूं, एक भी बस खाली नहीं मिली। दिल्ली जाने वाली बसें भी भरी रहीं। उग्राखेड़ी गांव निवासी विकास ने बताया कि काम से दिल्ली जाना था, लेकिन एक घंटे इंतजार के बाद भी बस नहीं मिली। इस पर टैक्सी से दिल्ली जाना पड़ा। बस न मिलने से बहुत दिक्कत हुई। बस अड्डे पर खड़े यात्रियों का कहना था कि परीक्षा के लिए दैनिक यात्रियों की बसों से इतर इंतजाम किया जाना चाहिए था। बसें खचाखच भरी थीं, जिनमें चढ़ना मुश्किल था। गेट तक लोग लटके थे। परीक्षा के चक्कर में उन्हें परेशानी उठानी पड़ी।