पानीपत। क्लेरिकल एसोसिएशन वेलफेयर सोसायटी हरियाणा संबंधित (भारतीय मजदूर संघ) के बैनर तले सरकारी विभागों के लिपिकों ने बेमियादी हड़ताल के 30वें दिन सरकार के खिलाफ रोष व्यक्त किया। पूरे प्रदेश में बृहस्पतिवार को थाली बजाओ सरकार जगाओ अभियान चलाया गया, लेकिन नूंह हिंसा में पानीपत के युवक अभिषेक की मौत के चलते यहां कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। इधर एसोसिएशन को भारतीय मेडिकल एवं सेल्स रिप्रेजेंटेटिव महासंघ ने अपना समर्थन दिया।
क्लेरिकल एसोसिएशन वेलफेयर सोसायटी ने बृहस्पतिवार को सबसे पहले नूंह हिंसा में मारे गए पानीपत के अभिषेक को श्रद्धांजलि दी और संगठन के जिला प्रधान सतवीर शर्मा ने कहा कि पूरे प्रदेश लिपिकीय वर्ग अपनी एकमात्र मांग ( लिपिक का वेतन 35400 हो) को लेकर सड़कों और चौराहों पर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठा है। भारतीय मेडिकल एवं सेल्स रिप्रेजेंटेटिव महासंघ ने उनकी मांगाें को जायज बताते हुए अपना संपूर्ण समर्थन दिया। राज्य कार्यकारिणी की ओर से सभी जिलों में थाली बजाओ सरकार जगाओ अभियान चलाया गया है, लेकिन जिला पानीपत में नूंह दंगों में मृत अभिषेक की आत्म शांति के लिए मौन रखा और इस कार्यक्रम को स्थगित किया गया। क्रमिक भूख हड़ताल की निरंतरता में बृहस्पतिवार को खजाना कार्यालय के सभी कर्मचारी भूख हड़ताल पर बैठे। इस अवसर पर महासचिव अरविंद शर्मा, नीशू हुड्डा पूजा मलिक, पूनम, सोनिया, रोमित, सुशील कुमार, रिंकू, संदीप, सुनील, राजेश राठी, खड़क सिंह और निशांत मौजूद रहे।