पानीपत। सीआईए-3 की टीम ने शुक्रवार शाम को जीटी रोड बबैल मोड़ के पास से नशा तस्कर करनाल के कर्ण विहार निवासी पवन को गिरफ्तार किया। तस्कर के कब्जे से पुलिस टीम ने 21.80 ग्राम स्मैक बरामद की। शनिवार को आरोपी को अदालत के सामने पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। सीआईए-3 प्रभारी विजय ने बताया कि शुक्रवार शाम को उनकी टीम बाबरपुर अड्डे के पास थी। टीम को सूचना मिली कि बबैल मोड पर संदिग्ध युवक मादक पदार्थ बेचने की फिराक में है। सूचना पर तुंरत ही पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी पवन के कब्जे से 21.80 ग्राम स्मैक बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि तीन दिन पहले यूपी से एक युवक से 22 ग्राम स्मैक कम कीमत पर खरीद कर लाया था। उसने कुछ स्मैक स्वयं नशा करने में खर्च कर दी। शुक्रवार को वह बची 21.80 ग्राम स्मैक को बेचने के लिए जीटी रोड बबैल मोड़ पर ग्राहक की फिराक में आया था।