-पानीपत। टीडीआईवासियों के विरोध के बाद अब कंपनी ने बिजली बिल भुगतान के लिए 15 लाख रुपये का डिमांड ड्राफ्ट बनवाया है। रेजिडेंट वेलफेयर सोसायटी (आरडब्ल्यूएस) पदाधिकारियों से कंपनी प्रबंधकों ने अगले 10 दिनों में 20 लाख रुपये का न्यूनतम बिल भुगतान करने का भी वादा किया है। 15 लाख रुपये के बिजली बिल भुगतान के बाद पानी की टंकी और पीटीएस का कनेक्शन चालू होने की उम्मीद है।
उल्लेखनीय है कि अंसल के बाद अब टीडीआईवासियों ने प्रशासनिक अधिकारियों के दरवाजे खटखटाने शुरू कर दिए है। टीडीआई के 650 घरों में 15 दिनों से बिजली आपूर्ति बंद होने और अब पानी की टंकी की बिजली आपूर्ति बंद होने से पेयजल किल्लत बढ़ गई। टीडीआईवासियों ने जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में शिकायत देकर मंत्रियों तक गुहार लगाई। रेजिडेंट वेलफेयर सोसायटी (आरडब्ल्यूएस) प्रधान शैलेंद ने बताया कि कंपनी मालिक हर बार आश्वासन देकर टाल देता है। बिजली बिल का भुगतान नहीं होने और मरम्मत कार्यों के अभाव के कारण लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है।
वर्जन :
कंपनी भुगतान करेगी तो आपूर्ति कर दी जाएगी बहाल
अभी तक बिजली बिल का भुगतान नहीं होने के कारण आपूर्ति बंंद है। अगर कंपनी बिल का भुगतान करती है, तो बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
आदित्य कुंडू, एक्सईएन सब अर्बन डिविजन