पानीपत। आर्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय के ओपी शिंगला सभागार में मंगलवार को प्रतिभा खोज कार्यक्रम का शानदार आयोजन किया गया। महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। मत छेड बलम मेरे चुंदड न हो ज्यागी तकरार..., दमादम मस्त कलंदर... आदि गानों की प्रस्तुति पर पूरा सभागार झूम उठा। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर सभी दर्शकों को थिरकने पर मजबूर कर दिया।
प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता, उप-प्राचार्या डॉ. अनुराधा सिंह, सांस्कृतिक गतिविधियों के निदेशक डॉ. रामनिवास सहित अन्य स्टॉफ सदस्यों ने प्रतिभा खोज कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया और विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
कॉलेज प्रबंधन समिति के महासचिव सीए कमल किशोर ने अपने संदेश में कहा कि मंच के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी कला निखारने का अवसर मिलता है। महाविद्यालय प्रबंधक समिति का हमेशा यही प्रयास रहता है कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समिति शैक्षणिक, खेल-कूद व सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए हर प्रकार की सुविधा में उपलब्ध करवाए।
प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने कहा कि आर्य पीजी महाविद्यालय व कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के युवा एवं सांस्कृतिक विभाग के निर्देशानुसार महाविद्यालय में आयोजित प्रतिभा खोज कार्यक्रम का शानदार आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि मंच पर न केवल विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ता है बल्कि विद्यार्थियों के संपूर्ण व्यक्तित्व का भी विकास होता है। यह महाविद्यालय के प्रतिभावान विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत व प्राध्यापकों के कुशल मार्गदर्शन का ही परिणाम है कि महाविद्यालय पिछले 18 वर्षों से जोनल यूथ फेस्टिवल में ओवरऑल ट्रॉफी विजेता रहा है। वहीं, पिछले आठ वर्षों से महाविद्यालय की टीम ने इंटर जोनल युवा महोत्सव में भी ओवरऑल ट्रॉफी हासिल की है। इन प्रतिभावान विद्यार्थियों ने गत 6 वर्षों से कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी व अतंरराष्ट्रीय साहू फेस्ट में आर्केस्ट्रा, हरियाणवी समूह लोकनृत्य और अपनी धाक जमाते हुए अपना दबदबा कायम किया है। गत वर्ष महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक में भी कई विधाओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाकर प्रथम स्थान हासिल किए।