पानीपत। हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन के आह्वान पर सोमवार को सरकारी डॉक्टर दो घंटे की पेन डाउन स्ट्राइक करेंगे। दो घंटे तक डॉक्टर ओपीडी नहीं करेंगे। जिला नागरिक अस्पताल व समालखा अस्पताल में डॉक्टर सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन भी करेंगे। एचसीएमएस एसोसिएशन ने सरकार को चेतावनी दी है कि अगर 25 जुलाई तक उनकी मांगों को नहीं माना गया तो वह 26 जुलाई से सभी प्रकार की स्वास्थ्य सेवाएं बंद कर देंगे। अस्पताल में ओपीडी, इमरजेंसी सेवाएं व पोस्टमार्टम समेत सभी आपातकाल सेवाएं बंद रहेंगी। एचसीएमएस एसोसिएशन के जिला प्रधान डॉ. रिंकू सांगवान ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग में विशेषज्ञों के लिए अलग से कैडर बनाने की मांग की जा रही है। इसको सीएम की घोषणा में शामिल किया गया था। ढाई साल बीत जाने के बाद भी कुछ नहीं हुआ।
एसोसिएशन ने पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज को भी लिखित में मांगपत्र दिया गया था, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। जिसकी वजह से चिकित्सकों की मांगें लंबित हैं। उन्होंने बताया कि सर्विस में चिकित्सकों को जिस वक्त पीजी करने जाना होता है, तो एक-एक करोड़ रुपये के दो बांड भरने पड़ते हैं। एसोसिएशन की मांग है कि पुरानी पॉलिसी को लागू कर दिया जाए। पहले यह राशि 50 लाख थी, लेकिन सरकार की ओर से कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। मांगे नहीं माने जाने पर 26 जुलाई से सभी सेवाएं बंद होगी।
डॉक्टरों के लिए एक विशेषज्ञ कैडर का गठन हो, गतिशील सुनिश्चित कॅरियर प्रगति (एसीपी) योजना लागू हो। एसएमओ की सीधी भर्ती पर तुरंत रोक लगाई जाए। पीजी के लिए बॉन्ड राशि एक करोड़ से 50 लाख किए जाने की मांग। ग्रामीण क्षेत्रों को दूरस्थ घोषित कर पीजी कोटा बहाल करने की मांग। स्पेशलिस्ट के लिए अतिरिक्त इंसेटिव। डॉक्टर की 10 साल में प्रमोशन। जल्द पीजी पॉलिसी बनाने की मांग।