पानीपत। आर्य पीजी कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष के छात्र राहुल सैनी ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में आयोजित हुई नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी शूटिंग प्रतियोगिता में शानदार खेल दिखाते हुए 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स टीम इवेंट में पांचवां स्थान प्राप्त किया। इसके साथ उसने ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी के लिए क्वालीफाई कर कॉलेज का नाम रोशन किया।
प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने बताया कि आगामी पांच से आठ फरवरी को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाली ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी शूटिंग चैंपियनशिप में राहुल कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेगा। यह कॉलेज के लिए गर्व का विषय है। हमें पूरा विश्वास है कि राहुल इस प्रतियोगिता में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए पदक हासिल करेगा। उन्होंने बताया कि 19 नवंबर से नौ दिसंबर तक भोपाल में आयोजित हुई 66वीं राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता में भी राहुल ने 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में कांस्य पदक हासिल किया था। इस शानदार अवसर पर उन्होंने शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. नरेश सैनी, प्राध्यापिका मामनी सैनी, डॉ. राजेश कुमार, कोच राजेंद्र देशवाल, राजा तोमर, सुनील पहल, कोच रजनी व अनूप गुलिया मौजूद रहे।