माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। नवरात्र के पहले दिन मंगलवार को प्राचीन देवी मंदिर में दिनभर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। प्राचीन देवी मंदिर में दूसरे राज्यों से भी श्रद्धालु पहुंचे। यहां सभी श्रद्धालुओं ने माथा टेककर माता से कामनाएं मांगी। श्रद्धालु मां के जयकारे लगाते हुए पहुंचे। मंदिर के पुजारी लाल मणि पांडे ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद शाम के समय अधिक श्रद्धालु मां शैलपुत्री की आराधना करने पहुंचे। देवी मंदिर परिसर में मां के दर्शन के लिए आठ एलईडी लगाई गई। सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने मां की आरती में हिस्सा लिया। बच्चों ने नवरात्रों के उपलक्ष में लगे मेले में जमकर आनंद लिया। मेले में व्रतधारियों श्रद्धालुओं के लिए विशेष रूप से खाने-पीने की व्यवस्था की गई।
प्राचीन देवी मंदिर के आचार्य लालमणि पांडे ने बताया कि नवरात्रों के दौरान मां के भवन का रोजाना श्रंगार किया जाएगा। रोजाना भवन को ताजे फूलों से सजाया जाएगा। रोजाना पहली आरती सुबह पांच बजे, दूसरी आरती शाम 6 बजे और शयन आरती रात 9:30 बजे की जाएगी। शयन आरती में सबसे अधिक श्रद्धालु जुटते हैं। पूरे नवरात्र मेला लगा रहेगा।
मेले में बच्चों के लिए झूले और अन्य मनोरंजन की व्यवस्था के साथ व्रतधारी श्रद्धालुओं के लिए विशेष रूप से चाट, टिक्की, पकौड़ी और पेय पदार्थों का इंतजाम किया गया है। मंगलवार को सुबह की आरती से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हुई, जो शाम तक बढ़ती रही। आने वाले नौ दिनों तक मंदिर में मेले जैसा माहौल रहेगा।