पानीपत। देवी मंदिर रोड के निर्माण में हुई लापरवाही अब सामने आने लगी है। रविवार को बारिश के बाद से चार दिन में तीन जगह सड़क धंस गई। एक से तीन फुट गहरे गड्ढे बन गए हैं। इससे हादसे की आशंका बन गई है। लोगों ने अमृत योजना के तहत सड़क बना रहे ठेकेदार पर निर्माण कार्य में कम गुणवत्ता की सामग्री प्रयोग करने का आरोप लगाया है।देवी मंदिर रोड पर कंवर पाल की दुकान के सामने बृहस्पतिवार को सुबह सड़क धंसनी शुरू हुई। कुछ कार गुजरने के बाद गड्ढा बड़ा होता चला गया। एक घंटे में ही एक फुट चौड़ा और एक फुट गहरा गड्ढा बन गया। कार चालकों को मुख्य सड़क छोड़ गलियों से होकर गुजरना पड़ा। दुकानदारों का कहना है कि निगम अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा आमजन को भुगतना पड़ रहा है। वार्ड-5 पार्षद अनिल बजाज ने बताया उनको सड़क धंसने की सूचना मिली है। अमृत योजना के तहत काम कर रहे ठेकेदार को जानकारी दे दी है। बारिश के कारण गड्ढा नहीं भरा जा सका है।
नागपाल कॉलोनी के इंद्र कुमार ने बताया कि रविवार को भोला चौक पर सड़क धंस गई थी। कई गाड़ियां गड्ढे में फंस गई। दुपहिया वाहन चालक भी चोटिल हुए। यहां से दुपहिया चालक अक्सर स्पीड़ में गुजरते है, जिससे यहां भी हादसे का डर बना हुआ है।
दुकानदार विनोद कुमार ने बताया कि बनने के सालभर बाद ही रोड धंसना शुरू हो गया है। ये ठेकेदार की लापरवाही का नतीजा है। लोगों की जान से खिलवाड़ हो रहा है। ऐसे ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट कर आगे काम नहीं देना चाहिए। हादसा होने पर ठेकेदार पर कार्रवाई का नियम बनें, तभी सबक मिलेगा।