गांवों का दौरा कर महापंचायत के लिए किसानों को आमंत्रित करते रत्तन सिंह रावल।
सनौली। यमुना नदी से सटे सनौली, बापौली और समालखा क्षेत्र के करीब 60 गांवों के किसानों की यमुना खादर की शामलात जमीन को मलकियत दिलाने की मांग को लेकर जल्द ही महापंचायत आयोजित की जाएगी। मंगलवार को यमुना सुधार समिति के प्रदेशाध्यक्ष रत्तन सिंह रावल एडवोकेट ने सनौली खुर्द सहित कई गांवों का दौरा कर किसानों को महापंचायत में शामिल होने का न्योता दिया। उन्होंने किसानों, मजदूरों, सरपंचों, पूर्व सरपंचों, नंबरदारों और अन्य ग्रामीणों से एकजुट होकर अपनी मांग उठाने का आह्वान किया। रावल ने बताया कि हजारों एकड़ जमीन शामलात देह होने के कारण किसानों को बाढ़ से खराब हुई फसलों का मुआवजा और ऋण जैसी सुविधाएं नहीं मिल पातीं। वर्षों से खेती कर रहे किसानों को मलकियत अधिकार दिलाने के लिए सरकार से मांग की जाएगी।