पानीपत। रैपिड रेल कॉरिडोर प्रोजेक्ट पर दिल्ली सरकार की सहमति नहीं मिलने से मामला अधर में लटक गया है। इससे पहले प्रदेश सरकार ने इसे हरी झंडी देते हुए वित्तीय सहमति भी प्रदान की थी। मामले में पानीपत से राज्यसभा सांसद एवं रेलवे स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य कृष्णलाल पंवार ने इसे लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है।
उन्होंने बताया कि रैपिड रेल कॉरिडोर प्रोजेक्ट पर केंद्रीय पावर एनर्जी डिपार्टमेंट और रेलवे स्टैंडिंग कमेटी की गत दिनों बैठक हुई थी। इसमें वह स्वयं बतौर रेलवे स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य शामिल हुए थे। कृष्णलाल पंवार ने बताया कि रैपिड रेल कॉरिडोर प्रोजेक्ट पानीपत व दिल्ली को जोड़ने वाला बड़ा प्रोजेक्ट है। इससे दैनिक यात्रियों को सुविधा मिलने के साथ व्यापार में भी तेजी आएगी। प्रदेश सरकार से इस प्रोजेक्ट को वित्तीय सहमति भी मिल चुकी है। साथ ही इसकी डीपीआर भी बन चुकी है, लेकिन दिल्ली सरकार से इस प्रोजेक्ट को लेकर अब तक सहमति नहीं मिली है। विदित हो कि रैपिड ट्रेन चलाने की घोषणा 2013 में की गई थी।
प्रोजेक्ट का बदला गया था प्रस्ताव
रैपिड रेल प्रोजेक्ट पहले पानीपत और समालखा शहर के बाहर से दिल्ली पैरलल नहर के साथ तय किया था। इसका पानीपत रिफाइनरी के पास अंतिम ठहराव था। वहीं पर डिपो बनाना प्रस्तावित था। बाद में इसका रूट बदल दिया गया। इसको जीटी रोड के साथ-साथ पानीपत टोल प्लाजा तक बनाने का तय किया। इस प्रोजेक्ट के मूर्त रूप में आने के बाद पानीपत से दिल्ली का सफर 45 मिनट में पूरा हो जाएगा।
हरियाणा सरकार को देने हैं 2129 करोड़ रुपये
यह कॉरिडोर एनसीआर से जुड़े 72 हजार करोड़ रुपये के आरआरटीएस का एक हिस्सा है। दिल्ली-पानीपत के अलावा दिल्ली-अलवर (180 किमी) और दिल्ली- मेरठ (90 किमी) रैपिड ट्रेन प्रोजेक्ट भी इसमें शामिल है। इसके लिए विकास मंत्रालय एनसीआरपीबी को 2814 करोड़, दिल्ली सरकार को 684 करोड़ और हरियाणा सरकार को 2129 करोड़ रुपए देने हैं। इसमें 7502 करोड़ लोन व 5627 करोड़ पीपीपी से जुटाए जाने हैं। दिल्ली से पानीपत तक इस पर अनुमानित 130 करोड़ रुपये प्रति किलोमीटर खर्च आएगा।
प्रोजेक्ट के तहत यह है नया प्लान
नए प्लान के अनुसार सराय कालेखां से ट्रेन चलेगी। आरपी से कश्मीरी गेट तक अंडर ग्रांड कॉरिडोर होगा। बुराड़ी स्टेशन, मुकरबा चौक, कुंडली, केएमपी रोड के पास राजीव गांधी एजुकेशन सिटी के सामने हाईवे के साथ पूर्व की तरफ स्टेशन बनेगा। मुरथल, गन्नौर में पूर्व पश्चिम दोनों तरफ स्टेशन होंगे। हसनपुर के पास डिपो बनेगा। समालखा में पावटी रोड, पानीपत में एनएफएल के पास हरिद्वार बाईपास, जिला सचिवालय के सामने स्टेशन बनना है। बरसत रोड से होते हुए ड्रेन-2 के पास भैंसवाल के पास अंतिम स्टॉप होगा।