समालखा। दिल्ली से लुधियाना जा रही हरियाणा रोडवेज की दिल्ली डिपो की बस के परिचालक संदीप के साथ बस के आगे स्कूटी अड़ाकर युवक ने मारपीट कर दी। युवक ने परिचालक का रुपये का बैग लेकर भागने का प्रयास किया। पुलिस के पहुंचने पर युवक भाग गया। युवक के साथ स्कूटी पर दो महिलाएं भी थी। परिचालक ने चौकी पुलिस को शिकायत दी है। संदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मंगलवार सुबह दिल्ली से सवारियों को लेकर लुधियाना जा रहा था। वे समालखा में ब्लूजे रेस्टोरेंट के सामने पानीपत सर्विस लेन पर पहुंचा तो एक स्कूटी पर सवार युवक बस के आगे आ गया। स्कूटी युवक चला रहा था और दो महिलाएं उसके पीछे बैठी थी। चालक ने बार-बार होर्न बजाया। उसने साइड नहीं दी। बस चालक को अचानक ब्रेक लगाना पड़ा। उसने स्कूटी सवार को ठीक से चलाने को कहा तो वहां से आगे चल दिए। पुराना बस अड्डा पर सवारी उतारने लगी ताे स्कूटी चालक भी अड्डे पर पहुंच गया। उसने बस के आगे स्कूटी खड़ी कर दी। बस में अंदर घुसकर उसके साथ मारपीट की। थाना प्रभारी दीपक ने बताया कि स्कूटी चालक का नंबर प्लेट के आधार पर पता लगाया जा रहा है। संवाद