पानीपत। वार्ड आठ में भीम गौड़ा चौक से लेकर सेठी चौक तक बिना जरूरत बनाई जानी वाली 90 लाख की कंक्रीट सड़क का मंगलवार सुबह डीसी वीरेंद्र सिंह दहिया ने निरीक्षण किया। उन्होंने अपने साथ निगम एक्सईएन प्रदीप कल्याण और जेई अजय छौक्कर को भी लिया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क अच्छी खासी थी। इसको बनाने की जरूरत ही नहीं थी, लेकिन निगम अधिकारियों ने बगैर जरूरत टेंडर लगाया और अब सड़क को उखाड़ दिया। इससे पूरी सड़क के दुकानदारों के लिए उखड़ी सड़क आफत बन चुकी है। इस पर डीसी ने निगम एक्सईएन को जमकर फटकार लगाई।
डीसी ने एक्सईएन से वार्ड पार्षद का नाम पूछा। एक्सईएन ने कहा विजय सहगल। साथ खड़े लोग बोले कि विजय सहगल तो पार्षद का पति है। इस पर डीसी ने फिर से एक्सईएन को फटकार लगाई और कहा कि आप कैसे अधिकारी हो, पार्षद का नाम तक नहीं पता। इसी बीच पार्षद पति विजय सहगल भी मौके पर पहुंच गए और सड़क पर पक्ष रखने लगे। डीसी के पूछने पर विजय सहगल ने बताया कि वे पार्षद के पति हैं। इस पर डीसी भड़क गए और कहा कि पार्षद को अपना पक्ष रखने दें। आप पीछे खड़े हो जाएं।
इसी तनातनी के बीच निगम कमिश्नर भी पहुंच गए। डीसी ने उनसे सड़क के बारे में पूछा। आयुक्त ने कहा कि निगम के संज्ञान के बिना ही ठेकेदार ने काम शुरू करा दिया है। मौके पर ठेकेदार को बुलाया। ठेकेदार ने स्पष्ट कहा कि उन्हें इस काम का वर्क ऑर्डर मिल चुका है। इसलिए वे काम शुरू कर सकते हैं। काम शुरू करने से पहले उन्होंने निगम अधिकारियों के संज्ञान में भी मामला डाला था। इस पर निगम अफसरों ने उसे झुठला दिया।
इसके बाद डीसी ने निगम अफसरों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि 15 दिन के भीतर इस सड़क को दुरुस्त कराने का काम किया जाए। अगर लोगों को परेशानी हुई तो वे फिर मौके का दौरा करेंगे। हालांकि देर शाम तक भी निगम अधिकारी ये निर्णय नहीं ले पाए कि अब ये सड़क कंक्रीट की बनेगी या इसे टाइलों से बनाया जाएगा।
पार्षद पति विजय सहगल ने कहा कि डीसी का बर्ताव गलत था। वे सार्वजनिक तौर पर ऐसे बात नहीं कर सकते, जैसे उन्होंने की।
डीसी के निर्देशानुसार सड़क को 15 दिन के भीतर बना दिया जाएगा। जितनी सड़क उखाड़ी है, वह बनाई जाएगी। ये कंक्रीट से बनेेेगी या टाइलों से इसका अभी निर्णय नहीं लिया है।
प्रदीप कल्याण, एक्सईएन।
मौका निरीक्षण किया गया। लोगों ने अपनी समस्या भी बताई। निगम अधिकारियों को सड़क बनाने के निर्देश दिए हैं। आयुक्त ने कहा कि सड़क को जल्द और नियमानुसार बनाया जाएगा।
वीरेंद्र दहिया, डीसी, पानीपत।