पानीपत। श्याम भक्तों का तेज बारिश भी रास्ता नहीं रोक पाई। 35 भक्तों की टोली ने तेज बारिश में चुलकाना से सोनीपत धाम की डाक पैदल निशान यात्रा निकाली। करीब 36 किलोमीटर की यात्रा ढाई घंटे में पूरी की। इस रास्ते में कई जगह डेढ़ से दो फीट तक पानी भरा हुआ था। यहां निशान चढ़ाकर बाबा का आशीर्वाद लिया।
कृपा सांवरे की परिवार संस्था द्वारा भाद्र मास की एकादशी पर तीसरी डाक निशान यात्रा वीरवार को निकाली। सामान्य यह निशान यात्रा पानीपत के ऐतिहासिक देवी मंदिर से शुरू होकर चुलकाना तक जाती थी। इस बार चुलकाना धाम से सोनीपत स्थित श्याम बाबा के धाम पर जाने का फैसला लिया। संस्था के प्रधान पंकज जैन और मीडिया प्रभारी हन्नी कालरा ने बताया कि 35 सदस्यों का दल वीरवार सुबह साढ़े पांच बजे पानीपत से चुलकाना धाम के लिए रवाना हुआ। वे यहां से सुबह साढ़े छह बजे सोनीपत धाम के लिए रवाना हुए। वे नौ बजे सोनीपत धाम पर पहुंचे। यहां बाबा के दरबार में माथा टेका और सुख शांति की प्रार्थना की। इसके बाद सभी सदस्यों ने बाबा का गुणगान किया। उन्होंने बताया कि यह बाबा की तीसरी पैदल डाक निशान यात्रा है। उन्होंने हरिद्वार से डाक कांवड़ लाने की तर्ज पर पैदल निशान यात्रा शुरू की है। वे अगली बार पानीपत से सोनीपत तक की पैदल डाक निशान यात्रा लेकर जाएंगे। इसको लेकर सभी सदस्य एकजुट हो रहे हैं। इस मौके पर अंकित जैन, दीपांशु, करण, प्रवीण, पीयूष गर्ग व हर्ष मौजूद रहे।