अनाज मंडियों में धान की किस्म 1509 की आवक लगातार जारी है। पानीपत व बाबरपुर अनाज मंडी में 1509 की आवक 52 हजार क्विंटल को पार कर चुकी है। बुधवार को भी लगभग 11 हजार क्विंटल धान की आवक व खरीद हुई। वहीं दामों में मामूली उछाल आया है, जिससे किसानों को फौरी राहत मिली है। बुधवार को धान की किस्म 1509 के अधिकतम भाव 2130 के आसपास रहे। गत वर्ष की तुलना में अभी भी किस्म-1509 के भाव करीब 800 रुपये कम हैं। किसान वर्ग की मानें तो इतने कम दामों में बिक्री होने से धान की लागत भी पूरी नहीं हो पा रही है। उन्हें प्रति एकड़ 18 से 20 हजार रुपये का नुकसान झेलना पड़ रहा है। वहीं पानीपत मार्केट कमेटी सचिव नरेश मान ने बताया कि खरीददार न आने से पीआर धान की खरीद शुरू नहीं हो पाई है। हालांकि सरकार की ओर से पीआर धान की खरीद के इंतजाम पूरे हैं।